• Fri. Oct 30th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026: बीसीसीएल में ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ का संकल्प, सीएमडी एवं निदेशक मंडल ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

Bynoorimedia@2015

Oct 26, 2026

कोयला भवन में विजिलेंस गैलरी का उद्घाटन, सतर्कता पत्रिका ‘चेतना’ का विमोचन; सीएमडी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

धनबाद, 26 अक्टूबर 2026। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के निर्देशानुसार भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन मुख्यालय में सोमवार को ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस वर्ष की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा और महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन. के. ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं, कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, बीसीसीएल की मुख्य सतर्कता अधिकारी श्रीमती दीप्ति पटेल तथा महाप्रबंधक (सतर्कता), सीआईएल श्री एन. आर. श्रीवास्तव सहित बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता से ही संगठन की समृद्धि संभव : सीएमडी

अपने अध्यक्षीय संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही किसी भी सार्वजनिक उपक्रम की कार्यसंस्कृति के मूल आधार हैं। सतर्कता का उद्देश्य केवल अनियमितताओं की पहचान करना या उन पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना भी है, जिसमें अनियमितताओं की संभावना न्यूनतम हो।

उन्होंने कहा कि कोयला उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग, निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता और कार्यों के निष्पादन में निष्पक्षता अत्यंत आवश्यक है। सामूहिक प्रतिबद्धता और नैतिक आचरण के माध्यम से संगठन में विश्वास को मजबूत कर सतत समृद्धि का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

सतर्कता प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की साझा जिम्मेदारी

सीवीओ सीआईएल श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक कार्यप्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल व्यक्तिगत आचरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठन की विश्वसनीयता, कार्यकुशलता और सार्वजनिक विश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण आधार है।

सीवीओ बीसीसीएल श्रीमती दीप्ति पटेल ने कहा कि सतर्कता केवल सतर्कता विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का साझा दायित्व है। उन्होंने सभी से जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और सत्यनिष्ठा को अपनी कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि, पत्रिका ‘चेतना’ का विमोचन

इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन और लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कोल इंडिया कॉर्पोरेट गीत के बाद महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री एन. के. ठाकुर ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया।

इसके बाद सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। साथ ही बीसीसीएल के सतर्कता विभाग की गृह पत्रिका ‘चेतना’ का विमोचन किया गया।

कोयला भवन में विजिलेंस गैलरी का उद्घाटन

कार्यक्रम के दूसरे चरण में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कोयला भवन मुख्यालय के भूतल पर स्थापित ‘विजिलेंस गैलरी’ का उद्घाटन किया। उन्होंने 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक संचालित निवारक सतर्कता अभियान के अंतर्गत बीसीसीएल मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित गतिविधियों पर आधारित फोटोग्राफिक प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए ‘विजिलेंस सेल्फी पॉइंट’ पर सेल्फी लेकर सतर्कता जागरूकता अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता फैलाएगा सतर्कता रथ

कार्यक्रम के समापन सत्र में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल एवं निदेशकगण ने कोयला भवन मुख्यालय के मुख्य द्वार से सतर्कता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सतर्कता के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे भी आसमान में छोड़े गए।

यह जागरूकता रथ सप्ताहभर धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर आम लोगों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करने के साथ ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक आचरण का संदेश देगा।

कार्यक्रम का समापन सीवीओ के तकनीकी सचिव (टीएस-टू-सीवीओ) श्री नवीन ठाकुर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन उप-प्रबंधक (सतर्कता) श्री संतोष कुमार ने किया।

बीसीसीएल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का यह आयोजन अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन के बीच सत्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है।

#BCCL #VigilanceAwarenessWeek2026 #सतर्कता_जागरूकता_सप्ताह #सत्यनिष्ठा_से_समृद्धि #ManojKumarAgarwal #CoalIndia #DhanbadNews #JharkhandNews #BCCLNews #KoylaBhawan #VigilanceAwareness #CVC #AntiCorruption #Integrity #Transparency

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed