धनबाद स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) और कीर्ति ट्रस्ट के बीच युवाओं के कौशल विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर आज कोयला भवन मुख्यालय में हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू बीसीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत किया गया है, जिसका उद्देश्य धनबाद जिले के 250 युवाओं को ‘रिटेल सेल्स एग्जीक्यूटिव’ जॉब रोल में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान करना है।
इस परियोजना के अंतर्गत बीसीसीएल के परिचालन क्षेत्रों से आने वाले युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि स्थानीय समुदायों को इस पहल का प्रत्यक्ष और स्थायी लाभ मिल सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम का क्रियान्वयन कीर्ति ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा, जो कौशल विकास, आजीविका संवर्धन, क्षमता निर्माण और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में एक अनुभवी संस्था है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रिटेल सेक्टर से जुड़े व्यावहारिक कौशल, ग्राहक सेवा दक्षता, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास और कार्यस्थल आचरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को संगठित क्षेत्र में रोजगार के लिए सक्षम और प्रतिस्पर्धी बनाना है।
एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम में बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, विभागाध्यक्ष (सीएसआर) सुरेंद्र भूषण तथा बीसीसीएल की सीएसआर टीम उपस्थित रही। कीर्ति ट्रस्ट की ओर से राकेश कुमार (अध्यक्ष, कीर्ति ट्रस्ट) ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि बीसीसीएल ऊर्जा क्षेत्र में अपनी अग्रणी भूमिका के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह एमओयू स्थानीय समुदायों के समग्र उत्थान, रोजगार सृजन और सतत विकास की दिशा में बीसीसीएल की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
BCCL #KirtiTrust #SkillDevelopment #YouthEmpowerment #CSRInitiative #Dhanbad #RetailTraining #EmploymentGeneration #SustainableDevelopment
