धनबाद। स्टील गेट स्थित कम्युनिटी हॉल सीसीडब्ल्यूओ में शनिवार को 10वें ऑल इंडिया मल्टीलिंगुअल ड्रामा, डांस, ड्राइंग एंड म्यूजिक प्रतियोगिता एवं महोत्सव ‘काला हीरा’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (प्रशासन) मनीष मिश्रा भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि अतिथि का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ तथा काला हीरा की स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना से हुई।
अपने संबोधन में मनोज कुमार अग्रवाल ने देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों एवं रंगकर्मियों का स्वागत करते हुए कहा कि कला और संस्कृति समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने काला हीरा के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं और बीसीसीएल भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए हरसंभव सहयोग देता रहेगा।

पश्चिम बंगाल के कलाकारों ने बांधा समां
महोत्सव के पहले दिन पश्चिम बंगाल के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बिधान चंद्र दास के नेतृत्व में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रवींद्र संगीत, लोक संगीत, शास्त्रीय, सेमी क्लासिकल, भरतनाट्यम, देशभक्ति गीत, योग, मॉडर्न डांस, वेस्टर्न डांस, नजरुल गीत, क्रिएटिव डांस, कथक, वोकल प्रस्तुति, मोनो एक्ट सहित कई विधाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
रूपांजन सेन की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित युवा कलाकार रूपांजन सेन रहे। उन्होंने डांस, योग और कीबोर्ड वादन की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
कोलकाता निवासी रूपांजन सेन वर्ष 2023 में ‘श्रेष्ठ दिव्यांग बाल/बालिका’ श्रेणी में व्यक्तिगत उत्कृष्टता के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं। डाउन सिंड्रोम से प्रभावित होने के बावजूद उन्होंने नृत्य और संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

गुरु सम्मान समारोह में कलाकार हुए सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान आयोजित गुरु सम्मान समारोह में कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में विशेष योगदान और कलाकारों के मार्गदर्शन के लिए बिधान चंद्र दास, सास्वती सेन, संगीता चटराज, अपूर्व कुमार बागची, शुभम सखा डेनरी, आलोक भादूड़ी, अनूप घोष, अनिर्बन साहा तथा ओइनड्रिला दत्ता को सम्मानित किया गया।
दूसरे दिन स्थानीय कलाकार दिखाएंगे प्रतिभा
रविवार को महोत्सव के दूसरे दिन धनबाद और आसपास के स्थानीय कलाकार नृत्य, संगीत, गायन और ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायक मंडल द्वारा चयनित विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में काला हीरा के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, मिताली मुखर्जी, सचिव हेमंत कुमार मंडल, कोषाध्यक्ष नरेश राय, महेंद्र गिरी, संजय भारद्वाज एवं संतोष रजक की सक्रिय भूमिका रही।
#BCCL #मनोजकुमारअग्रवाल #कालाहीरा #Dhanbad #धनबाद #रूपांजनसेन #RajendraPrasad #मनीषमिश्रा #सांस्कृतिककार्यक्रम #DanceCompetition #MusicFestival #DramaFestival #DrawingCompetition #JharkhandNews #BengalArtists #NationalAward #द्रौपदीमुर्मू #HindiNews #BreakingNews
