भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को ऐना कोलियरी, कुसुंडा में उत्पादन कार्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नए उत्पादन वाहन बेड़े का विधिवत उद्घाटन किया। यह उद्घाटन आर.के अर्थ रिसोर्सेज प्रा. लि. द्वारा संचालित डी.ई पैच में किया गया।
इस अवसर पर 35 टन क्षमता वाले 05 टिपर्स (हाइवा वाहन) तथा 3.2 क्यूबिक मीटर बकेट क्षमता वाली एक एक्सकेवेटर (शॉवेल) मशीन को सीएमडी ने हरी झंडी दिखाकर संचालन हेतु रवाना किया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (कुसुंडा क्षेत्र) श्री निखिल त्रिवेदी, महाप्रबंधक (उत्खनन), कुसुंडा एवं सीएमओआई बीसीसीएल अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सिंह, परियोजना पदाधिकारी (कुसुंडा) श्री बी. के. झा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं आर.के अर्थ रिसोर्सेज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि यह नया मशीनरी बेड़ा क्षेत्र में बीसीसीएल की उत्पादन क्षमता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ परिचालन दक्षता और सुरक्षा मानकों को भी मजबूत करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीसीसीएल तकनीकी आधुनिकीकरण, गुणवत्ता बनाए रखने तथा खनन कार्यों में सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता, सुरक्षित कार्य-संस्कृति और आधुनिक उपकरणों के उपयोग से कंपनी अपने निर्धारित उत्पादन लक्ष्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त करेगी।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल द्वारा कोयला उत्पादन क्षमता के विस्तार और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनवरी माह में मुनीडीह कोल वाशरी की एनालिटिकल प्रयोगशाला को परीक्षण क्षेत्र में ISO/IEC 17025:2017 मानक के अनुरूप नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज (NABL) से मान्यता प्राप्त हुई है।

इसके अतिरिक्त, 2 एमटीपीए क्षमता वाली भोजूडीह वाशरी का सफल शुभारंभ किया जा चुका है, जबकि 15 एमटीपीए क्षमता वाली ब्लॉक–E परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया को वर्तमान वित्तीय वर्ष के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बीसीसीएल संस्थागत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, गुणवत्ता-आधारित कार्य-संस्कृति के विकास तथा प्रौद्योगिकी-सहायक खनन प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
BCCL #CMD_BCCL #EnaColliery #Kusunda #CoalProduction #MiningMachinery #Hyva #Excavator #SafetyInMining #QualityCoal #NABL #WasheryProject #Jharkhand
