• Fri. Jun 12th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

BCCL CSR Initiative: भुली में बांस शिल्प कौशल विकास केंद्र शुरू, 50 युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण।

Bynoorimedia@2015

Mar 11, 2026

धनबाद: Bharat Coking Coal Limited (बीसीसीएल) की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत भूली टाउनशिप में स्थापित बांस शिल्प कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन गुरुवार को निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया ने किया।

यह प्रशिक्षण केंद्र वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत ‘50 अभ्यर्थियों के लिए बांस शिल्प कौशल विकास प्रशिक्षण’ परियोजना के अंतर्गत शुरू किया गया है। कार्यक्रम में बीसीसीएल के विभागाध्यक्ष (सीएसआर) श्री सुरेन्द्र भूषण तथा वरीय प्रबंधक सीएसआर सुश्री निलांजना चक्रवर्ती तथा ACIC IIT-ISM Foundation के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के औपचारिक स्वागत और सामूहिक दीप प्रज्वलन से हुई। इस दौरान ACIC फाउंडेशन की मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) Dr. Akanksha Sinha ने परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों और प्रशिक्षण से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने प्रतिभागियों को समर्पण, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी आगामी छह महीनों तक नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने कौशल को विकसित करें, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

उन्होंने बताया कि कौशल विकास कार्यक्रम न केवल व्यक्तिगत क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि स्थानीय समुदाय, विशेषकर महिलाओं के लिए आजीविका के नए अवसर भी सृजित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बांस से तैयार उत्पादों के लिए ‘बाय-बैक व्यवस्था’ की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है, ताकि इन उत्पादों का उपयोग बीसीसीएल में स्मृति-चिह्न और अन्य उपयोगी वस्तुओं के रूप में किया जा सके।

गौरतलब है कि इस परियोजना का संचालन ACIC (IIT-ISM) फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बांस शिल्प के व्यावहारिक कौशल, डिजाइन और उत्पाद निर्माण की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए असम से एक विशेष प्रशिक्षक को भी आमंत्रित किया गया है, जो प्रतिभागियों को बांस शिल्प की पारंपरिक और आधुनिक विधियों का प्रशिक्षण देंगे।

कार्यक्रम के दौरान भूली क्षेत्र की महिला प्रतिनिधियों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय महिलाओं और युवाओं के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर प्रदान करेगा।

बीसीसीएल की यह सीएसआर पहल स्थानीय समुदाय के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और सतत आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

BCCL #CSRInitiative #BambooCraft #SkillDevelopment #Dhanbad #BhuliTownship #IITISM #WomenEmpowerment #SelfReliance #JharkhandNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed