बोकारो मुख्य मार्ग पर स्थित केंदुआडीह क्षेत्र में हुए भू-धंसान के बाद जिला प्रशासन और बीसीसीएल (BCCL) ने स्थिति को गंभीर मानते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल, डीटीओपी श्री संजय कुमार सिंह, एसएसपी श्री प्रभात कुमार, कुसुंडा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री निखिल त्रिवेदी, पीबी क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री जी.सी. साहा, जेएमपी के महाप्रबंधक श्री राजीव चोपड़ा तथा सीएमओआई बीसीसीएल अध्यक्ष श्री अरुण कुमार सिंह सहित कई वरीय अधिकारियों ने प्रभावित इलाके का व्यापक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने भू-धंसान से प्रभावित मुख्य मार्ग और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय जायजा लेकर संभावित खतरों का आकलन किया। निरीक्षण के बाद केंदुआडीह थाना में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्थिति को अत्यंत गंभीर बताया गया।
प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में रह रहे लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने सभी प्रभावित परिवारों से अपील की कि वे बिना किसी देरी के बेलगड़िया टाउनशिप में स्थानांतरित हो जाएं। बैठक के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि भू-धंसान की चपेट में केंदुआडीह थाना भी आ गया है, जिसे जल्द ही सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा।
उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने कहा कि शिफ्ट होने वाले सभी प्रभावित परिवारों को जरेडा 2.0 के तहत सभी सुविधाएं और लाभ प्रदान किए जाएंगे। वहीं, बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान में सड़क की घेराबंदी और राहत शिविर केवल अस्थायी उपाय हैं, स्थायी समाधान नहीं।

उन्होंने प्रभावित परिवारों से जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार लोगों से संवाद बनाए रखें और उन्हें संभावित जोखिमों के प्रति जागरूक करें। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि विस्थापन के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रशासन और बीसीसीएल ने संयुक्त रूप से कहा कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियों के समन्वय से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Kenduadih #LandSubsidence #DhanbadNews #BCCL #JharkhandNews #BreakingNews #AdityaRanjan #ManojKumarAgrawal #PublicSafety #BelghariaTownship #CoalMining #IndiaNews
