बस्ताकोला (धनबाद), 10 जून 2025: बस्ताकोला क्षेत्र स्थित कुईया ओसीपी में मंगलवार को माइनिंग सुपरवाइजरों (माइनिंग सरदार/ओवरमैन) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुईया, दोबारी और घनूडीह परियोजनाओं के माइनिंग स्टाफ के अलावा क्षेत्र के वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता श्री रविओंकार ने की, जबकि संचालन श्री शिव शंकर महतो ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने माइनिंग स्टाफ के हितों के लिए श्री कुश कुमार सिंह के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और उनके नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि श्री कुश कुमार सिंह ने पिछले कई वर्षों से माइनिंग स्टाफ की समस्याओं को प्रबंधन के समक्ष मजबूती के साथ रखने का कार्य किया है। कई जटिल मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनके निष्पादन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में पूरे भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के माइनिंग सुपरवाइजरों को चार्ज अलाउंस का अतिरिक्त लाभ मिला। साथ ही प्लेसमेंट व्यवस्था में सुधार कर प्रमोशन का लाभ दिलाने, कोयला भवन में बी-टाइप आवास उपलब्ध कराने तथा मेडिकल आपात स्थितियों में माइनिंग स्टाफ एवं उनके परिजनों की सहायता करने जैसे कार्यों की भी सराहना की गई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकमत होकर श्री कुश कुमार सिंह और उनकी टीम के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने तथा संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। सदस्यों ने कहा कि उन्हें पहले भी कुश कुमार सिंह के नेतृत्व पर भरोसा था और भविष्य में भी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विरोधी तत्व उनकी लोकप्रियता से घबराकर दुष्प्रचार और छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
अपने संबोधन में श्री कुश कुमार सिंह ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी टीम पहले भी माइनिंग सुपरवाइजरों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि माइनिंग स्टाफ के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट रहने और किसी के बहकावे में न आने की अपील की।
बैठक में मुख्य रूप से विजय यादव, यशवंत कुमार सिंह, अरुण कुमार दुबे, राकेश प्रसाद सिन्हा, अरविंद कुमार सिंह, बाम्बेश सिंह, श्रीतेशर राय, रणधीर कुमार, गोविंद गोराई, अमित कुमार, अरुण घोष, अशोक वर्मा, महेंद्र सिंह, शशि ज्योति, सुभाष गोप, भुवनेश्वर साव, हरमुज अंसारी, दिलीप सिन्हा, अरविंद राय, मिथिलेश मंडल, रंजीत प्रामाणिक, अरविंद सिंह, अनरजीत यादव, प्रदीप हलधर, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में माइनिंग स्टाफ एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे।
