• Mon. Nov 2nd, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

BCCL कोयला भवन मुख्यालय में सात दिवसीय योग कैंप का शुभारंभ, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियां शुरू।

Bynoorimedia@2015

Jun 15, 2026

International Yoga Day 2026: BCCL के अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग अभ्यास में लिया हिस्सा

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन मुख्यालय में रविवार को सात दिवसीय योग कैंप का शुभारंभ किया गया। 15 जून से 20 जून तक आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम का उद्घाटन निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी) श्री सुधाकर प्रसाद, महाप्रबंधक (श्रमशक्ति नियोजन) श्री अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (सीएसआर) श्री सुरेन्द्र भूषण, विभागाध्यक्ष (प्रशासन) श्री मनीष मिश्रा, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक सहित कोयला भवन मुख्यालय के अन्य महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

योग प्रशिक्षक श्री राम सरनार सिंह के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम, ध्यान, प्रार्थना तथा योग की विभिन्न महत्वपूर्ण क्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बेहतर स्वास्थ्य एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी और व्यस्त जीवनशैली में योग तनावमुक्त जीवन, उत्तम स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच, एकाग्रता और कार्यकुशलता को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के आयोजन की तैयारियों के तहत देशभर के सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (पीएसयू) और विभिन्न सरकारी विभागों में योग शिविर एवं वेलनेस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य कॉमन योग प्रोटोकॉल के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।

बीसीसीएल द्वारा आयोजित यह सात दिवसीय योग कैंप आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह के साथ संपन्न होगा। कंपनी की यह पहल कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता, मानसिक सुदृढ़ता और योग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

#BCCL #InternationalYogaDay2026 #YogaDay #CoalBhawan #Dhanbad #YogaCamp #MuraliKrishnaRamaiah #CoalIndia #HealthyLifestyle #Wellness #YogaForHealth #CorporateWellness #AyushMinistry #BharatYoga #MentalHealth #EmployeeWellbeing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed