• Sun. Nov 1st, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

बेलगढ़िया टाउनशिप में वस्त्र उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं के अध्ययन हेतु। बेंगलुरु जाएगी बीसीसीएल उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल।

Bynoorimedia@2015

Jun 17, 2026

बेलगढ़िया टाउनशिप में वस्त्र उद्योग स्थापित करने की संभावनाएं तलाशेगा बीसीसीएल, सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में बेंगलुरु जाएगा उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल

धनबाद। झरिया मास्टर प्लान (जेएमपी) के तहत धनबाद के बेलगढ़िया टाउनशिप में वस्त्र उद्योगल

धनबाद। झरिया मास्टर प्लान (जेएमपी) के तहत धनबाद के बेलगढ़िया टाउनशिप में वस्त्र उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं का आकलन करने के लिए भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 19 और 20 जून को बेंगलुरु स्थित आदित्य बिड़ला समूह के वस्त्र उद्योग एवं औद्योगिक पार्क का अध्ययन दौरा करेगा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल करेंगे।

इस अध्ययन दौरे का मुख्य उद्देश्य बेंगलुरु में संचालित वस्त्र उद्योगों की कार्यप्रणाली, प्रबंधन व्यवस्था, उत्पादन प्रणाली और रोजगार सृजन मॉडल का अवलोकन करना है, ताकि स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप बेलगढ़िया टाउनशिप में इसी प्रकार की औद्योगिक पहल की संभावनाओं का मूल्यांकन किया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल में बीसीसीएल के डीटीओपी श्री संजय कुमार सिंह, महाप्रबंधक (जेएमपी) श्री राजीव चोपड़ा, झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) के अधिकारी तथा अन्य विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।

यह अध्ययन दौरा केंद्रीय कोयला मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी द्वारा गत वर्ष धनबाद और बेलगढ़िया टाउनशिप के दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया जा रहा है। बेलगढ़िया टाउनशिप के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बीसीसीएल और जेआरडीए के अधिकारियों को आदित्य बिड़ला समूह अथवा अन्य प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों के सहयोग से वस्त्र उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं का अध्ययन करने तथा पुनर्वासित एवं परियोजना-प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर विकसित करने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया था।

दो दिवसीय अध्ययन दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल उद्योग संचालन, कौशल विकास, उत्पादन प्रक्रियाओं, रोजगार सृजन क्षमता, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय समुदाय की सहभागिता जैसे विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करेगा। इसके अलावा बेलगढ़िया टाउनशिप में वस्त्र उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना, मानव संसाधन की उपलब्धता और संभावित निवेश संबंधी विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल उद्योग प्रबंधन के साथ तकनीकी और प्रबंधकीय विषयों पर चर्चा करते हुए यह समझने का प्रयास करेगा कि सफल वस्त्र उद्योग मॉडल को स्थानीय आवश्यकताओं और परिस्थितियों के अनुरूप किस प्रकार विकसित किया जा सकता है। इस पहल का उद्देश्य पुनर्वासित परिवारों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई दिशा प्रदान करना है।

बीसीसीएल और जेआरडीए अध्ययन दौरे से प्राप्त निष्कर्षों और अनुभवों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार करेंगे, जिससे बेलगढ़िया टाउनशिप में रोजगारोन्मुख औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं का समुचित मूल्यांकन कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।

#BCCL #BelghariaTownship #Dhanbad #TextileIndustry #ManojKumarAgarwal #SanjayKumarSingh #RajivChopra #GKishanReddy #JhariaMasterPlan #JRDA #AdityaBirlaGroup #EmploymentGeneration #JharkhandNews #DhanbadNews #IndustrialDevelopment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed