• Sat. Oct 31st, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

बीसीसीएल मुख्यालय में समन्वय बैठक: सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने उत्पादन, सुरक्षा और वित्तीय प्रदर्शन की समीक्षा की।

Bynoorimedia@2015

Jul 5, 2026

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन मुख्यालय में शुक्रवार को कंपनी की परिचालन गतिविधियों, उत्पादन प्रगति, वित्तीय प्रदर्शन और भावी कार्ययोजना की व्यापक समीक्षा के लिए समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने की।

बैठक में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, कमांडेंट (सीआईएसएफ) मुकेश कुमार गुप्ता, अजय त्रिपाठी, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

वहीं, निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) राजीव कुमार सिन्हा, सुरक्षा सलाहकार विपुल शुक्ला तथा नव-नियुक्त डीआईजी (सीआईएसएफ) राजीव मिश्रा ने ऑनलाइन माध्यम से बैठक में सहभागिता की।

बैठक के दौरान पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से सभी क्षेत्रों के परिचालन प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें कोयला उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता, परिवहन क्षमता, वाशरी प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था, नई एवं आगामी पैचों की स्थिति, लागत में कमी, राजस्व वृद्धि, क्षेत्रवार वित्तीय प्रदर्शन, मानसून पूर्व तैयारियां, क्षमता उपयोग, झरिया मास्टर प्लान के क्रियान्वयन और कैपेक्स (CAPEX) की प्रगति जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

इसके बाद निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह ने क्षेत्रीय महाप्रबंधकों के साथ वार्षिक कार्ययोजना (AAP) के अनुरूप लक्ष्य बनाम उपलब्धि की समीक्षा की। इस दौरान उत्पादन, डिस्पैच, ओवरबर्डन (ओबी) रिमूवल, मशीनरी की उपलब्धता, गुणवत्ता, परिवहन, सुरक्षा और मानसून तैयारियों का आकलन किया गया।

अपने संबोधन में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि मानसून पूर्व सभी क्षेत्रों में पंपिंग, केबलिंग और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने और खदानों में जल-जमाव जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कोयला उत्पादन, डिस्पैच, ओबी रिमूवल, गुणवत्ता और परिवहन गतिविधियां ही कंपनी की प्रगति और वित्तीय मजबूती का आधार हैं। इसलिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना और उत्तरदायित्व के साथ निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के लिए कार्य करना चाहिए।

बैठक में मुख्यालय स्तर पर सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों और वाशरी डिवीजन को तकनीकी एवं परिचालन सहयोग देने के लिए महाप्रबंधक स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों का एक पैनल गठित करने का निर्णय लिया गया। यह पैनल क्षेत्रीय स्तर पर समन्वय, मार्गदर्शन, प्रगति की समीक्षा और त्वरित सहयोग सुनिश्चित करेगा।

इसके अलावा, घाटे में संचालित खदानों की स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन में सुधार के लिए स्टाफ रेशनलाइजेशन, मशीनरी और उपकरणों के बेहतर उपयोग, क्षमता संवर्धन और लागत नियंत्रण जैसे विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय महाप्रबंधकों द्वारा उठाई गई संसाधनों की जरूरतों पर भी विचार किया गया और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया।

#BCCL #बीसीसीएल #CoalIndia #Dhanbad #ManojKumarAgrawal #CoalProduction #Jharia #CoalNews #MiningSector #BharatCokingCoalLimited #CoalBhawan #Jharkhand #MiningNews #EnergySector #DhanbadNews #कोयलाउद्योग #झरिया #धनबाद #कोलइंडिया #बीसीसीएल_समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed