15 से 17 नवंबर तक यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में होगा अंतरराष्ट्रीय आयोजन, खनन क्षेत्र में निवेश, नवाचार और वैश्विक सहयोग पर रहेगा फोकस
नई दिल्ली: भारत के खनन एवं खनिज क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बुधवार को नई दिल्ली स्थित ताज पैलेस होटल में इंडिया माइनिंग वीक 2026 के कर्टेन रेज़र समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार, सार्वजनिक उपक्रमों, उद्योग जगत तथा खनन एवं खनिज क्षेत्र से जुड़े प्रमुख हितधारकों ने भाग लिया।
समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, कोयला मंत्रालय के सचिव विक्रम देव दत्त, खान मंत्रालय के सचिव पीयूष गोयल तथा कोयला मंत्रालय की अपर सचिव रूपिंदर बरार सहित केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधि, उद्योग विशेषज्ञ एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे। इस अवसर पर बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान इंडिया माइनिंग वीक 2026 की रूपरेखा और प्रमुख गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। बताया गया कि यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 15 से 17 नवंबर 2026 तक यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारत को खनन एवं खनिज क्षेत्र के लिए एक प्रमुख वैश्विक मंच के रूप में स्थापित करना है।

आयोजन में नीति-निर्माताओं, सरकारी प्रतिनिधियों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, उद्योग जगत के अग्रणी संगठनों, निवेशकों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं, उपकरण निर्माताओं, शिक्षाविदों, अनुसंधान संस्थानों तथा अंतरराष्ट्रीय हितधारकों की व्यापक भागीदारी रहेगी। यह मंच संवाद, निवेश, तकनीकी नवाचार, प्रौद्योगिकी साझेदारी और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कर्टेन रेज़र समारोह के दौरान खनन क्षेत्र में उभरते अवसरों, सतत विकास, डिजिटल परिवर्तन, कौशल विकास तथा उद्योग और सरकार के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि इंडिया माइनिंग वीक 2026 देश के खनन एवं खनिज क्षेत्र में निवेश, तकनीकी नवाचार और वैश्विक साझेदारियों को नई गति देगा तथा भारत की खनन क्षमता और नीतिगत सुधारों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करेगा।

#IndiaMiningWeek2026 #MiningNews #BCCL #मनोजकुमारअग्रवाल #जीकिशनरेड्डी #सतीशचंद्रदुबे #विक्रमदेवदत्त #पीयूषगोयल #रूपिंदरबरार #CoalMinistry #MiningSector #नईदिल्ली #Yashobhoomi #DhanbadNews #JharkhandNews
