• Fri. Oct 30th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

बीसीसीएल के कल्याण भवन में ‘कृतज्ञता के साथ अतीत पर एक नज़र’ विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित।

Bynoorimedia@2015

Aug 19, 2026

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कल्याण भवन (एचआरडी) में कोयला भवन मुख्यालय एवं कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों के लिए ‘कृतज्ञता के साथ अतीत पर एक नज़र’ (Looking Back with Gratitude) विषय पर विशेष कार्यशाला-सह-संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यशाला के दौरान मुरली कृष्ण रमैया ने अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए मानव संसाधन प्रबंधन, नेतृत्व कौशल और प्रभावी नेतृत्व में कृतज्ञता जैसे मानवीय मूल्यों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कृतज्ञता नेतृत्व में संवेदनशीलता, विनम्रता, सकारात्मक सोच, पारस्परिक सम्मान और विश्वास को मजबूत करने के साथ स्वस्थ एवं सहयोगात्मक कार्य-संस्कृति के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

मुरली कृष्ण रमैया का किया गया स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत मुरली कृष्ण रमैया के औपचारिक स्वागत से हुई। महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी) सुधाकर प्रसाद ने उन्हें शॉल, श्रीफल एवं पुष्प-गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। सुधाकर प्रसाद ने अपने स्वागत संबोधन में कार्यशाला की रूपरेखा और महत्व की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने मुरली कृष्ण रमैया के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का उल्लेख करते हुए कंपनी में उनके कार्यकाल को प्रेरणादायी बताया।

‘द आइसबर्ग ऑफ ग्रैटिट्यूड’ के जरिए समझाया कृतज्ञता का महत्व

तकनीकी सत्र में मुरली कृष्ण रमैया ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से कृतज्ञता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने ‘द आइसबर्ग ऑफ ग्रैटिट्यूड’, ‘Being grateful to people who stood beside you in period of crisis’ और ‘Being grateful for whatever you have’ जैसे प्रेरक विचारों के माध्यम से अधिकारियों को जीवन और कार्यक्षेत्र में सहयोग करने वाले लोगों तथा मिले अनुभवों के प्रति कृतज्ञ रहने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जीवन के कठिन समय में साथ खड़े रहने वाले लोगों और उपलब्ध संसाधनों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए। यह भावना न केवल व्यक्तिगत जीवन में सकारात्मकता लाती है, बल्कि नेतृत्व और कार्यस्थल पर आपसी विश्वास एवं सहयोग को भी मजबूत करती है।

टीम भावना और संवाद को बताया प्रभावी नेतृत्व का अहम हिस्सा

संवादात्मक सत्र के दौरान अधिकारियों ने भी विषय से जुड़े अपने विचार और अनुभव साझा किए। मुरली कृष्ण रमैया ने अपने दीर्घ व्यावसायिक अनुभव के आधार पर अधिकारियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने मानवीय मूल्यों, टीम भावना, बेहतर संवाद और आपसी सहयोग को प्रभावी नेतृत्व का अभिन्न हिस्सा बताया।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी) सुधाकर प्रसाद, विभागाध्यक्ष (सीएसआर/आईआर) सुरेन्द्र भूषण सहित मानव संसाधन निदेशालय के अंतर्गत कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) तथा एचआर विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सफूरा रुबाब ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रबंधक (खनन/एचआरडी) सुमित कुमार एवं अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

#BCCL #BCCLNews #भारतकोकिंगकोललिमिटेड #Dhanbad #DhanbadNews #CoalIndia #KoylaBhawan #KalyanBhawan #HRD #HRDWorkshop #MurliKrishnaRamaiah #SudhakarPrasad #SurendraBhushan #SafooraRubab #SumitKumar #LookingBackWithGratitude #Gratitude #Leadership #HumanResources #JharkhandNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed