देवघर/रांची। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव श्री अबु इमरान ने देवघर समाहरणालय में संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों में संचालित जल जीवन मिशन (JJM) और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, जामताड़ा और पाकुड़ जिले की योजनाओं की जिलावार स्थिति पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान सचिव श्री अबु इमरान ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान करने और लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
2 अक्टूबर को मनाया जाएगा ‘जल अर्पण दिवस’
सचिव ने निर्देश दिया कि आगामी 2 अक्टूबर को ‘जल अर्पण दिवस’ के रूप में मनाया जाए। साथ ही, पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं का ‘हर घर जल’ सर्टिफिकेशन सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने को कहा गया।
उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और जलापूर्ति के दौरान पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर होगी कार्रवाई
बैठक में सचिव अबु इमरान ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता या लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जल स्रोतों की सुरक्षा को लेकर भी कड़े निर्देश दिए गए। सचिव ने इंटेकवेल के आसपास किसी भी प्रकार के खनन और बालू उठाव पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित एनओसी (NOC) की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ SNS SPARSH Onboarding, Sujal ID Creation तथा अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का भी निर्देश दिया।

जल शुल्क संग्रह और बिजली व्यवस्था पर भी जोर
योजनाओं के सुचारू संचालन और बेहतर रखरखाव के लिए जल शुल्क संग्रह बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके अलावा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए Consumer ID तैयार करने और बिजली विभाग के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
सचिव ने सभी प्रमंडलीय कंट्रोल रूम और टॉल फ्री नंबर को हर समय क्रियाशील रखने को भी कहा, ताकि आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।
5-Star ODF Plus गांवों की संख्या बढ़ाने का निर्देश
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान भी कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए 5-Star ODF Plus गांवों की संख्या बढ़ाने हेतु विशेष अभियान चलाने को कहा गया।
इसके तहत PM-JANMAN, सांसद आदर्श ग्राम योजना तथा आकांक्षी क्षेत्रों के गांवों को प्राथमिकता के आधार पर 5-Star ODF Plus घोषित करने का निर्देश दिया गया।
सचिव ने शौचालय निर्माण और स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा पहले से ODF Plus घोषित गांवों का भौतिक सत्यापन जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया।
ग्रामसभाओं में एकल-उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ प्रस्ताव
गांवों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। एकल-उपयोग प्लास्टिक पर प्रभावी रोक के लिए सभी ग्रामसभाओं में अनिवार्य रूप से प्रस्ताव पारित कराने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज एवं जामताड़ा के उप विकास आयुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरीय पदाधिकारी, सभी अधीक्षण अभियंता, संबंधित जिलों के कार्यपालक अभियंता, अन्य विभागीय अधिकारी तथा संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
#अबुइमरान #AbuImran #सौरभकुमारभुवानिया #SaurabhKumarBhuwania #Deoghar #देवघर #Jharkhand #झारखंड #JalJeevanMission #जलजीवनमिशन #SwachhBharatMission #स्वच्छभारतमिशन #HarGharJal #हरघरजल #JalArpanDiwas #जलअर्पणदिवस #ODFPlus #SanthalPargana #संतालपरगना #DrinkingWaterAndSanitation #JharkhandNews #DeogharNews
