• Sat. Oct 31st, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर बीसीसीएल में श्रद्धांजलि, विशेष अभियान 6 के क्रियान्वयन चरण का शुभारंभ।

Bynoorimedia@2015

Oct 2, 2026

धनबाद, 02 अक्टूबर 2026। भारत सरकार के निर्देशानुसार सरकारी संस्थानों में आयोजित किए जा रहे विशेष अभियान 6 (Special Campaign 6) के तहत भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में गुरुवार को क्रियान्वयन चरण की औपचारिक शुरुआत की गई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता, सुव्यवस्था, कार्यकुशलता और ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार ने की। इस अवसर पर सीएमएस डॉ. कल्याण सरकार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री कुमार मनोज, महाप्रबंधक (श्रमशक्ति एवं नियोजन) श्री अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (जनसंपर्क) अभिषेक मिश्रा, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) श्रीमती शोभा जे. कुजूर, विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) श्रीमती मधुस्मिता लकड़ा तथा विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक, सहित मुख्यालय के अन्य महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार एवं अन्य अधिकारियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद श्री राजेश कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राजेश कुमार ने कहा कि विशेष अभियान 6 का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यप्रणाली में स्वच्छता, सुव्यवस्था, कार्यकुशलता और उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष अवधि तक चलने वाले अभियान के रूप में नहीं, बल्कि नियमित कार्य-संस्कृति और दैनिक व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने विशेष रूप से ई-कचरे के प्रभावी संग्रह, पृथक्कीकरण और सुरक्षित निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक कार्यालयों से निकलने वाले ई-कचरे का वैज्ञानिक और जिम्मेदार प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इसके साथ ही उन्होंने उपलब्ध कार्यालयीन स्थान के बेहतर उपयोग, कबाड़ के व्यवस्थित निस्तारण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा जन-शिकायतों के समयबद्ध समाधान को अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्धारित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

31 अक्टूबर तक चलेगा क्रियान्वयन चरण

विशेष अभियान 6 का आयोजन दो चरणों में किया जा रहा है। पहला तैयारी चरण 15 सितंबर से 01 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया गया, जबकि क्रियान्वयन चरण 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

अभियान के दौरान केंद्र सरकार के मंत्रालयों, विभागों, अधीनस्थ कार्यालयों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में लंबित मामलों के निस्तारण, कार्यालयों और परिसरों की स्वच्छता, कबाड़ एवं ई-कचरे के प्रभावी प्रबंधन, उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग, जन-शिकायतों के त्वरित निवारण और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इस वर्ष विशेष अभियान 6 का प्रमुख फोकस ई-कचरे का Effective Collection, Segregation और Safe Disposal है। इसके अलावा कार्यस्थलों में सुधार, स्क्रैप डिस्पोजल, कार्यालयीन स्थान के बेहतर उपयोग, जन-शिकायत निवारण, सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने तथा संपूर्ण प्रक्रिया की नियमित निगरानी और दस्तावेजीकरण को भी अभियान में शामिल किया गया है।

बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों में अभियान की शुरुआत

कोयला भवन मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के साथ ही बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों में भी विशेष अभियान 6 के क्रियान्वयन चरण की शुरुआत की गई। विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता शपथ लेकर स्वच्छता, सुव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बीसीसीएल के अनुसार आगामी दिनों में कोयला भवन मुख्यालय सहित कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

तैयारी चरण के दौरान बीसीसीएल मुख्यालय एवं सभी क्षेत्रों में स्वच्छता और सुव्यवस्था से संबंधित आवश्यकताओं की पहचान, प्राथमिकताओं का निर्धारण और आवश्यक कार्ययोजना तैयार की गई। लंबित मामलों एवं जन-शिकायतों के निवारण, कबाड़ एवं ई-कचरा प्रबंधन तथा उपलब्ध स्थान के बेहतर उपयोग से जुड़े कार्यों को भी चिह्नित किया गया है।

बीसीसीएल का लक्ष्य विशेष अभियान 6 के माध्यम से स्वच्छता एवं सुव्यवस्था को संस्थागत कार्य-संस्कृति का स्थायी हिस्सा बनाने के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी, कार्यकुशलता और सार्वजनिक सेवाओं के प्रति उत्तरदायित्व को और मजबूत करना है।

#BCCL #BharatCokingCoalLimited #SpecialCampaign6 #विशेषअभियान6 #BCCLNews #DhanbadNews #Dhanbad #CoalIndia #SwachhataAbhiyan #SwachhBharat #SwachhataHiSeva #GandhiJayanti #LalBahadurShastri #EwasteManagement #EWaste #EnvironmentalProtection #CleanlinessDrive #OfficeCleanliness #ScrapDisposal #PublicGrievances #RajeshKumar #KalyanSarkar #KumarManoj #ArpanGhosh #ShobhaJKujur #MadhusmitaLakra #KiranRaniNayak #JharkhandNews #CoalSector #PSUNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed