• Sun. Nov 1st, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

59 वीं जोनल माइंस रेस्क्यू प्रतियोगिता-2026 का धनसार में भव्य समापन, बरोरा क्षेत्र बना ओवरऑल टीम चैंपियन।

Bynoorimedia@2015

Oct 7, 2026

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के माइंस रेस्क्यू स्टेशन द्वारा खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के तत्वावधान में आयोजित 59वीं जोनल माइंस रेस्क्यू प्रतियोगिता-2026 का माइंस रेस्क्यू स्टेशन, धनसार में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए बरोरा क्षेत्र ने ओवरऑल टीम चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में बीसीसीएल की 10 टीमों के साथ टाटा स्टील और सेल की एक-एक टीम ने भाग लिया। प्रतिभागी टीमों की खान बचाव, प्राथमिक उपचार, तकनीकी दक्षता, सैद्धांतिक ज्ञान, शारीरिक क्षमता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की योग्यता सहित विभिन्न मानकों पर परीक्षा ली गई।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री मनीष सी. जायसवाल, उप महानिदेशक (मध्य क्षेत्र), डीजीएमएस रहे। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा, डीएमएस, डीजीएमएस एवं प्रतियोगिता के मुख्य परीक्षक श्री गिम्मेड़ी संजय कुमार, डीएमएस श्री टॉम मैथ्यू, डीजीएमएस के अन्य निदेशक खान सुरक्षा और उप-निदेशक खान सुरक्षा, बीसीसीएल के महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) श्री धनराज आखरे तथा महाप्रबंधक, बस्ताकोला क्षेत्र श्री एस.के. गायकवाड़ विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इसके अलावा बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय महाप्रबंधक, बीसीसीएल सेफ्टी बोर्ड के सदस्य, प्रतियोगिता में शामिल माइंस रेस्क्यू टीमें, प्रतिभागी, विभिन्न क्षेत्रों के सेफ्टी अधिकारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मी, माइंस रेस्क्यू स्टेशन के पदाधिकारी तथा गणमान्य अतिथि भी समारोह में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि श्री मनीष सी. जायसवाल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बीसीसीएल और माइंस रेस्क्यू स्टेशन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खनन उद्योग में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपातकालीन स्थिति में प्रशिक्षित एवं सक्षम माइंस रेस्क्यू टीम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं रेस्क्यू टीमों के तकनीकी ज्ञान, अनुशासन, टीम भावना, त्वरित निर्णय क्षमता तथा विषम परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने की योग्यता को परखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि खनन कार्यों में सुरक्षा केवल निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक अधिकारी और कर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने माइंस रेस्क्यू टीमों की तत्परता और दक्षता को आपात परिस्थितियों में अमूल्य बताते हुए प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों के समर्पण और अनुशासन की सराहना की।

प्रतियोगिता के मुख्य परीक्षक एवं डीएमएस (डीजीएमएस) श्री गिम्मेड़ी संजय कुमार ने मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि टीमों का आकलन रेस्क्यू, फर्स्ट एड, थ्योरी, तकनीकी दक्षता और फिटनेस सहित विभिन्न निर्धारित मानकों पर किया गया। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों ने भूमिगत खदानों में वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों जैसे हालात में फंसे कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकालने का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टीमों द्वारा प्रदर्शित समन्वय, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और तत्परता खनन सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों के स्वागत और सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगीत, डीजीएमएस एवं कोल इंडिया कॉर्पोरेट गीत प्रस्तुत किए गए। खनन कार्यों के दौरान शहीद हुए कोल कर्मियों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) श्री धनराज आखरे ने स्वागत संबोधन देते हुए अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागी टीमों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि 59वीं जोनल माइंस रेस्क्यू प्रतियोगिता सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने, रेस्क्यू टीमों की कार्यकुशलता में सुधार और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

समारोह के दौरान डीएवी के विद्यार्थियों ने गणेश वंदना पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि स्थानीय कलाकारों ने गायन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों का मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का संचालन श्री हेमंत गौतम, डीडीएमएस और श्री प्रणव कुमार ओझा, प्रबंधक (मानव संसाधन/राजभाषा), बीसीसीएल ने किया। वहीं श्री राजेश्वर शर्मा, अधीक्षक, माइंस रेस्क्यू स्टेशन, धनसार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह का औपचारिक समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

पुरस्कार वितरण के दौरान सभी माइंस रेस्क्यू टीमों को सहभागिता मोमेंटो प्रदान किए गए। इसके साथ ही थ्योरी, टर्न आउट ड्रिल, रिले रेस, रेस्क्यू एंड रिकवरी सहित विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। समग्र प्रदर्शन के आधार पर बरोरा क्षेत्र को ओवरऑल टीम चैंपियन घोषित किया गया।

#BCCL #DGMS #MinesRescueCompetition #59thZonalMinesRescueCompetition #BCCLDhanbad #DhanbadNews #MinesSafety #MineRescue #BaroraArea #BaroraChampion #MiningSafety #CoalIndia #MinesRescueStation #Dhansar #JharkhandNews #BCCLNews #DGMSIndia #MiningNews #SafetyFirst #RescueTeam

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed