भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज कुमार अग्रवाल ने आज धनबाद स्थित कोयला भवन मुख्यालय में विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन, विधि, अधिकारी स्थापना, श्रमशक्ति एवं नियोजन, औद्योगिक संबंध, जनसंपर्क, राजभाषा समेत अन्य विभागों का दौरा कर अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति पंजी की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने बिना सूचना के देर से कार्यालय पहुंचने वाले कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भविष्य में कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाए जाने या समय का पालन न करने वाले कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
श्री अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी विभिन्न क्षेत्रों और कार्यालयों में जारी रहेंगे। उन्होंने समयबद्धता, अनुशासन और निर्धारित कार्यावधि के सख्त अनुपालन पर जोर देते हुए कहा कि कंपनी के दायित्वों का प्रभावी और समय पर निर्वहन करने के लिए नियमित उपस्थिति और उत्तरदायित्व अत्यंत आवश्यक है।
बीसीसीएल प्रबंधन की यह पहल प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ पूरे संगठन में बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
BCCL #BharatCokingCoalLimited #CMDInspection #ManojKumarAgarwal #CoalBhavan #Dhanbad #OfficeInspection #AdministrativeReforms #WorkDiscipline #PublicSectorNews
