धनबाद। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा जगजीवन नगर स्थित कल्याण भवन (एचआरडी) परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्षा श्रीमती रंजना सिंह तथा मंडल की अन्य सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और हरित आवरण बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी) श्री सुधाकर प्रसाद, मुख्य प्रबंधक (खनन/एचआरडी) श्री राधेश्याम दुबे, श्री रवि कुमार, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन/प्रशासन) सहित एचआरडी, पर्यावरण विभाग एवं कोयला भवन मुख्यालय के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण असंतुलन और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने में वृक्षों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधारोपण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण सुनिश्चित करने में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
