धनबाद। बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने बुधवार को पूर्वी झरिया (ईजे) क्षेत्र का दौरा कर उत्पादन, डिस्पैच, कोयला गुणवत्ता, मानसून पूर्व तैयारियों तथा अन्य महत्वपूर्ण परिचालन गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान मुख्यालय से टीएस टू सीएमडी श्री यू.एस. शुक्ला भी उनके साथ मौजूद रहे। क्षेत्रीय महाप्रबंधक (ईजे) श्री टी. पासवान सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित संवेदक विभिन्न स्थलों के निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।
दौरे की शुरुआत अमलगामेटेड भौरा नॉर्थ-साउथ के सी-2 हायर्ड पैच के निरीक्षण से हुई। यहां सीएमडी ने खनन गतिविधियों, जल निकासी व्यवस्था, कोयले की गुणवत्ता और उत्पादन कार्यों की समीक्षा की। मानसून को देखते हुए उन्होंने खदान की पंपिंग क्षमता तत्काल बढ़ाने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए अधिकतम क्षमता के साथ पंपिंग करने तथा जल जमाव की समस्या को प्रभावी ढंग से नियंत्रित कर उत्पादन को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही गुणवत्तापूर्ण कोयले के ही डिस्पैच का निर्देश दिया।
इसके बाद सीएमडी ने एएसपी कोलियरी के ईस्टवर्ड एक्सटेंडेड फायर पैच का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित संवेदक श्री गुरपाल सिंह एवं क्षेत्रीय अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने यहां सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए उत्पादन क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही मानसून पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने, पंपिंग क्षमता मजबूत करने, हॉल रोड के इन्क्लिनेशन को मानक अनुरूप बनाए रखने और पर्याप्त परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

दौरे के अगले चरण में श्री अग्रवाल ने सुदामडीह साइडिंग में चल रही कोयला लोडिंग गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रतिदिन 2.5 रेक लोडिंग क्षमता के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ करने और आवश्यक परिवहन संविदाओं को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे की अतिरिक्त लाइन से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए उसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि डिस्पैच क्षमता में और वृद्धि की जा सके।
सीएमडी ने इसके बाद अमलाबाद भूमिगत खदान परियोजना की समीक्षा की, जिसका संचालन राजस्व साझेदारी (रेवेन्यू शेयरिंग) मॉडल के तहत एमडीओ के माध्यम से प्रस्तावित है। उन्होंने परियोजना से जुड़ी सभी गतिविधियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यावरण स्वीकृति सहित विभिन्न वैधानिक एवं प्रशासनिक अनुमतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया।
दौरे के समापन पर क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उत्पादन, डिस्पैच, मानसून पूर्व तैयारियों, परियोजना प्रगति और परिचालन चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि सुरक्षा किसी भी खनन गतिविधि की आधारशिला है और इसकी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सभी उत्पादन एवं डिस्पैच लक्ष्यों को हासिल किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को टीमवर्क, बेहतर समन्वय, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य निष्पादन के माध्यम से संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों से सुरक्षा, उत्पादन, गुणवत्ता और परिचालन दक्षता के बीच संतुलन बनाकर पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल लगातार कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर उत्पादन, डिस्पैच, कोयला गुणवत्ता, सुरक्षा और मानसून पूर्व तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। इन निरीक्षणों का उद्देश्य परिचालन दक्षता बढ़ाना, संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना, कोयला उत्पादन एवं प्रेषण में सुधार लाना तथा सुरक्षित और सतत खनन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
#BCCL #ManojKumarAgrawal #EasternJhariaArea #CoalProduction #CoalDispatch #DhanbadNews #JharkhandNews #MiningSector #MonsoonPreparedness #CoalMining #SudamdihSiding #ASPColliery #AmalabadProject #BharoraMines #CoalIndia #MiningSafety #BCCLNews #Dhanbad #Jharkhand #CoalIndustry
