धनबाद। पुनर्वासित एवं परियोजना-प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार और आजीविका सृजन की दिशा में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) और आदित्य बिड़ला समूह के बीच महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। इसी कड़ी में बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में बेंगलुरु दौरे पर गए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आदित्य बिड़ला लाइफस्टाइल लिमिटेड (एबीएलएल) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर वस्त्र उद्योग स्थापना और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर चर्चा की।
बैठक में पुनर्वासित एवं परियोजना-प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार एवं आजीविका संवर्धन, उद्योग आधारित कौशल विकास कार्यक्रम तथा संभावित औद्योगिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। स्थानीय युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित करने और कार्यबल की दक्षता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
दोनों पक्षों ने ऐसे सहयोगी प्रयासों पर चर्चा की, जिनके माध्यम से क्षेत्र में टिकाऊ रोजगार और आजीविका के अवसर विकसित किए जा सकें। साथ ही स्थानीय संसाधनों और परिस्थितियों के अनुरूप रोजगारोन्मुख औद्योगिक मॉडल विकसित करने तथा भविष्य में संभावित साझेदारी के विभिन्न आयामों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि उद्योग और संस्थागत सहयोग के माध्यम से क्षेत्र में दीर्घकालिक एवं सतत रोजगार के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
बीसीसीएल प्रतिनिधिमंडल में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल के अलावा निदेशक तकनीकी (संचालन) संजय कुमार सिंह, महाप्रबंधक (जेएमपी) राजीव चोपड़ा सहित अन्य अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल थे। आदित्य बिड़ला समूह की ओर से कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि अध्ययन दौरे के प्रथम चरण में बीसीसीएल प्रतिनिधिमंडल ने आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड (एबीएफआरएल) की वस्त्र विनिर्माण इकाई का दौरा कर उत्पादन प्रणाली, औद्योगिक संचालन, कौशल विकास व्यवस्था और रोजगार सृजन मॉडल का अध्ययन किया था। इसी अनुभव के आधार पर आयोजित बैठक में संभावित सहयोग और आगे की कार्ययोजना पर सार्थक चर्चा हुई।
अध्ययन दौरे से प्राप्त निष्कर्षों और सुझावों के आधार पर बीसीसीएल अब पुनर्वासित एवं परियोजना-प्रभावित परिवारों के लिए रोजगारोन्मुख औद्योगिक गतिविधियों और कौशल विकास कार्यक्रमों की संभावनाओं का मूल्यांकन कर आगे की रणनीति तय करेगा।

#BCCL #ManojKumarAgrawal #SanjayKumarSingh #RajeevChopra #AdityaBirlaGroup #ABLL #ABFRL #Bengaluru #DhanbadNews #JharkhandNews #CoalIndia #BharatCokingCoalLimited #ProjectAffectedFamilies #Rehabilitation #EmploymentGeneration #SkillDevelopment #TextileIndustry #LivelihoodGeneration #IndustrialDevelopment #CSR #CoalSector #Dhanbad #Jharkhand #BreakingNews #LatestNews
