धनबाद। धनबाद के स्कूली विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें अपनी कला, कौशल एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति के प्रदर्शन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा 27 एवं 28 जून को कोयला नगर स्थित कम्युनिटी हॉल में दो दिवसीय भव्य ‘टैलेंट कार्निवल’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के करीब 30 प्रमुख विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए शुक्रवार को बीसीसीएल गेस्ट हाउस, कोयला नगर में दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, विद्यालयों की सहभागिता, पंजीकरण, मंच एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, दीक्षा महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया, विभागाध्यक्ष (प्रशासन) मनीष मिश्रा, विभागाध्यक्ष (औद्योगिक संबंध/सीएसआर) सुरेन्द्र भूषण, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) श्रीमती शोभा जे. कुजूर, विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) श्रीमती मधुस्मिता लकड़ा, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक सहित कोयला भवन मुख्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि संस्था बच्चों और युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है और उचित अवसर तथा प्रोत्साहन मिलने पर वह नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। इसी उद्देश्य से ‘टैलेंट कार्निवल’ का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत सोलो डांस, ग्रुप डांस और सोलो सिंगिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी क्लासिकल और फ्रीस्टाइल दोनों श्रेणियों में अपनी प्रस्तुति दे सकेंगे। प्रतियोगिता में कक्षा छह से दसवीं तक के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे और सभी प्रतिभागियों का अपने विद्यालय द्वारा नामांकित होना अनिवार्य होगा।
विद्यालयों की आंतरिक चयन प्रक्रिया से चुने गए श्रेष्ठ प्रतिभागी 27 और 28 जून को आयोजित अंतिम चरण की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। 28 जून को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
गौरतलब है कि दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल द्वारा समय-समय पर शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक संवर्धन और सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। ऐसे में ‘टैलेंट कार्निवल’ स्कूली बच्चों की प्रतिभा को पहचान देने और उनकी रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
#BCCL #TalentCarnival #Dhanbad #ArchanaAgrawal #MuraliKrishnaRamaiah #PurbitaRamaiah #ManishMishra #SurendraBhushan #ShobhaJKujur #MadhusmitaLakra #KiranRaniNayak #SchoolStudents #DanceCompetition #SingingCompetition #CoalNagar #JharkhandNews #Education #ChildDevelopment #WomenEmpowerment
