धनबाद/बेंगलुरु। पुनर्वासित एवं परियोजना-प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर सृजित करने की दिशा में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने वस्त्र उद्योग स्थापना की संभावनाओं का अध्ययन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बेंगलुरु स्थित आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड (एबीएफआरएल) की वस्त्र विनिर्माण इकाई का दौरा किया।
दौरे के दौरान बीसीसीएल प्रतिनिधिमंडल ने एबीएफआरएल की उत्पादन प्रणाली, उत्पादन श्रृंखला, गुणवत्ता प्रबंधन व्यवस्था तथा विभिन्न उपयोगिता एवं सहायक प्रणालियों का विस्तृत अवलोकन किया। कंपनी के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को संपूर्ण उत्पादन प्रक्रिया और औद्योगिक संचालन से जुड़े तकनीकी एवं प्रबंधकीय पहलुओं की जानकारी भी दी।
बैठक के दौरान बीसीसीएल और आदित्य बिड़ला समूह के अधिकारियों के बीच पुनर्वासित एवं परियोजना-प्रभावित परिवारों के लिए रोजगार एवं आजीविका सृजन की संभावनाओं, संभावित सहयोग के क्षेत्रों तथा स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उपयुक्त औद्योगिक मॉडल के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बीसीसीएल प्रतिनिधिमंडल में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल के अलावा निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, महाप्रबंधक (जेएमपी) राजीव चोपड़ा सहित अन्य अधिकारी एवं विशेषज्ञ शामिल रहे।
वहीं, आदित्य बिड़ला समूह की ओर से मुख्य आपूर्ति श्रृंखला अधिकारी स्वामीनाथन रामचंद्रन, मुख्य स्थिरता अधिकारी डॉ. नरेश त्यागी, प्रेसिडेंट-ग्रुप कॉरपोरेट अफेयर्स, बेंगलुरु विवेक वाल्सन, प्रेसिडेंट-ग्रुप कॉरपोरेट अफेयर्स, दिल्ली सुनील कुमार, तथा हेड-मैन्युफैक्चरिंग, आदित्य बिड़ला लाइफस्टाइल ब्रांड्स सुधाकरन गुरुनाथन समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अध्ययन दौरे के दूसरे दिन 20 जून को दोनों पक्ष प्रस्तावित औद्योगिक मॉडल, उसके संभावित क्रियान्वयन और रोजगारोन्मुख औद्योगिक गतिविधियों के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श करेंगे। अध्ययन दौरे से प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर बीसीसीएल आगे की कार्ययोजना तैयार करेगा।
#BCCL #AdityaBirlaGroup #ABFRL #ManojKumarAgrawal #SanjayKumarSingh #RajivChopra #SwaminathanRamachandran #DrNareshTyagi #VivekWalson #SunilKumar #SudhakaranGurunathan #TextileIndustry #EmploymentGeneration #Rehabilitation #ProjectAffectedFamilies #Dhanbad #Bengaluru #CoalIndia #JharkhandNews
