धनबाद स्थित कोयला भवन मुख्यालय में सोमवार 9 फ़रवरी 2026 को भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की केंद्रीय सलाहकार समिति (सीसीसी बोर्ड) के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की।
बैठक में निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, ओएसडी/वित्त श्री राजेश कुमार, महाप्रबंधक (समन्वय) श्री धनराज आखरे, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री कुमार मनोज, महाप्रबंधक (प्रशासन) श्री अर्पण घोष तथा विभागाध्यक्ष (सीएसआर/औद्योगिक संबंध) श्री सुरेन्द्र भूषण सहित कोयला भवन मुख्यालय के कई वरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बीसीसीएल केंद्रीय सलाहकार समिति बोर्ड के सदस्य श्री आर. तिवारी (बीसीएमयू), श्री अर्जुन सिंह (केआईएमपी), श्री भौमिक महतो (डीसीकेएस), श्री गोपाल मिश्रा (जेएमएस), श्री हरि प्रसाद पप्पू (बीसीकेयू) एवं श्री भवानी बंधोपाध्याय (यूसीडब्ल्यूयू) ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
बैठक के दौरान आगामी 12 फरवरी को विभिन्न ट्रेड यूनियनों द्वारा आहूत देशव्यापी हड़ताल, कोयला उत्पादन, औद्योगिक संबंधों एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा हुई। सभी बोर्ड सदस्यों ने अपने-अपने विचार और सुझाव प्रबंधन के समक्ष रखे।

सभा को संबोधित करते हुए सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि केंद्रीय सलाहकार समिति प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के बीच संवाद का एक सशक्त मंच है, जो संस्थान की नीतियों एवं कल्याणकारी योजनाओं को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक है। उन्होंने सदस्यों से संगठन की प्रगतिशील नीतियों को परिणामोन्मुख बनाने हेतु रचनात्मक सहयोग देने का आग्रह किया।
प्रस्तावित 12 फरवरी की हड़ताल पर उन्होंने सभी संगठनों से पुनर्विचार करने और कर्मियों को जबरन हड़ताल में शामिल न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल अपने कर्मचारियों के कल्याण, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी यूनियनों का भी दायित्व है कि वे संस्थान के हित में सहयोग करें।
बैठक में उपस्थित केंद्रीय सलाहकार समिति के सदस्यों ने प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संवाद से संगठन में आपसी विश्वास, सहयोग और सौहार्द को बल मिलता है।
कार्यक्रम का समापन विभागाध्यक्ष (औद्योगिक संबंध) श्री सुरेन्द्र भूषण द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
BCCL #CentralConsultativeCommittee #CoalBhavan #BCCLNews #CMDManojKumarAgrawal #CoalProduction #TradeUnion #IndustrialRelations #BharatCokingCoal #CoalIndia
