• Fri. Jun 12th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर BCCL कोयला भवन में स्वास्थ्य जाँच शिविर और पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन।

Bynoorimedia@2015

Mar 9, 2026

धनबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वीमेन इन पब्लिक सेक्टर (WIPS), बीसीसीएल के तत्वावधान में कोयला भवन मुख्यालय में कंपनी की महिला कर्मियों के लिए दो दिवसीय (9–10 मार्च) स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बोन मिनरल डेंसिटी टेस्ट, एनीमिया जांच तथा स्तन कैंसर स्क्रीनिंग जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराई गईं। इस पहल का उद्देश्य महिला कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय पर जाँच व परामर्श उपलब्ध कराना है।

स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन बीसीसीएल की सीएमएस डॉ. पूनम दुबे ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) कुमार मनोज, महाप्रबंधक (वित्त) एम.एस. राजू, विभागाध्यक्ष (सीएसआर/औद्योगिक संबंध) सुरेन्द्र भूषण, विभागाध्यक्ष (वीआईपी सेल)-सह-समन्वयक (डब्ल्यूआईपीएस, बीसीसीएल) श्रीमती निर्मला किरण, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) श्रीमती शोभा जे. कुजूर, विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक, विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) मधुस्मिता लकड़ा सहित कोयला भवन मुख्यालय के कई महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, महिला अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. पूनम दुबे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों और समाज के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति में महिला कर्मियों की भूमिका अहम होती है और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण का ध्यान रखना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने महिला कर्मियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि समय पर स्वास्थ्य परीक्षण से कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में ही पता लगाया जा सकता है, जिससे उपचार अधिक प्रभावी हो जाता है। उन्होंने इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों को कर्मचारियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम में स्थापित हेल्थ किओस्क मशीन के माध्यम से इनवेसिव और नॉन-इनवेसिव दोनों प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। पहले दिन बड़ी संख्या में महिला कर्मियों ने स्वास्थ्य शिविर में भाग लेकर अपनी जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

इसी क्रम में कार्यक्रम के दूसरे सत्र में तृतीय तल स्थित सभागार में महिला कर्मियों के लिए पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें महिला अधिकारियों और कर्मियों ने विभिन्न राज्यों की पारंपरिक पोशाक पहनकर अपनी सांस्कृतिक विरासत और विविधता का आकर्षक प्रदर्शन किया।

इस दौरान महिला अधिकारियों और कर्मियों ने महिला सशक्तिकरण, समानता और कार्यस्थल पर समान अवसर जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने अपने गृह राज्यों की पारंपरिक पोशाकों और सांस्कृतिक पहचान को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया, जिसकी सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

इस अवसर पर डॉ. पूनम दुबे और श्रीमती निर्मला किरण सहित मुख्यालय की सभी महिला अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की सफलता में डब्ल्यूआईपीएस, बीसीसीएल की महिला सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सीएचडी सहित बीसीसीएल के सभी क्षेत्रों में भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें स्वास्थ्य शिविर, मेहंदी प्रतियोगिता, थाली सजावट, पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता तथा अन्य जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहे।

InternationalWomensDay #BCCL #WIPS #CoalBhawan #DhanbadNews #WomenEmpowerment #HealthCamp #DrPoonamDube #KumarManoj #MSRaju #SurendraBhushan #NirmalaKiran #ShobhaJKujur #KiranRaniNayak #MadhusmitaLakra #WomenInPublicSector #JharkhandNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed