• Fri. Jun 12th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

बीसीसीएल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘अधिकार, समानता, सशक्तिकरण’ विषयक कार्यक्रम का आयोजन।

Bynoorimedia@2015

Mar 10, 2026

धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘अधिकार, समानता, सशक्तिकरण – सभी महिलाओं एवं लड़कियों के लिए’ विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वीमेन इन पब्लिक सेक्टर (वीप्स) बीसीसीएल के तत्वावधान में कोयला नगर स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में कंपनी की महिला कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने की। इस अवसर पर आईआईटी-आईएसएम धनबाद के ह्यूमैनिटीज एवं सोशल साइंसेज विभाग की प्रोफेसर श्रीमती रजनी सिंह मुख्य अतिथि वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं।

इस कार्यक्रम में बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी-संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) श्री निलाद्री रॉय तथा निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा दीक्षा महिला मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया, श्रीमती रंजना सिंह, श्रीमती संचिता रॉय, श्रीमती नीता कुमार, क्षेत्रीय महिला समितियों की सदस्याएं, कोयला भवन मुख्यालय की महिला विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुईं।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत से

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और कोल इंडिया के कॉर्पोरेट गीत के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम में सीएचडी की महिला कर्मियों ने स्वागत गीत ‘हम नारी हैं हिम्मत की’ प्रस्तुत किया। इसके बाद सीएमएस डॉ. पूनम दुबे ने स्वागत भाषण देते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि दीक्षा महिला मंडल महिलाओं के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा और समान अवसर मिलने से ही सशक्तिकरण का लक्ष्य पूरी तरह प्राप्त किया जा सकता है।

माइनिंग सेक्टर में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी

इस अवसर पर अपने संबोधन में बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि महिलाएं आज समाज के हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि परंपरागत रूप से पुरुष प्रधान माने जाने वाले माइनिंग सेक्टर में भी अब महिलाएं सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने बताया कि बीसीसीएल के लगभग सभी विभागों में महिला अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं, जो संस्था के लिए गर्व की बात है।

शिक्षा और आत्मविश्वास से आगे बढ़ रही महिलाएं

मुख्य वक्ता प्रो. श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि आज महिलाएं एक कुशल गृहिणी होने के साथ-साथ समाज के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत में भी अब माइनिंग सहित कई तकनीकी क्षेत्रों में महिलाएं अपनी दक्षता और नेतृत्व क्षमता का सफल प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने युवतियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई शोभा

कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इनमें राजस्थानी लोकनृत्य, रेट्रो बॉलीवुड पैरोडी गीत और सीएचडी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत डांस ड्रामा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

इसके अलावा लकी ड्रॉ के माध्यम से ‘बेस्ट वेल ड्रेस्ड’ महिला कर्मी का चयन किया गया तथा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सीएमडी सहित सभी गणमान्य अतिथियों को प्रतीक चिन्ह और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता विजेताओं को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन सत्र में महिला दिवस के अवसर पर मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को दीक्षा महिला मंडल की पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि महिला दिवस के अवसर पर बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में रंगोली, मेहंदी, क्विज, सिंगिंग और स्लोगन राइटिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं।

कार्यक्रम का समापन विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) श्रीमती मधुस्मिता लकड़ा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन वरीय प्रबंधक (अधिकारी स्थापना) श्रीमती गार्गी मुखोपाध्याय और वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती योगिता सकलानी ने संयुक्त रूप से किया।

#BCCL #InternationalWomensDay #WomenEmpowerment #DhanbadNews #CoalIndia #WomenInMining #DikshaMahilaMandal #WomenLeadership #PublicSectorWomen #JharkhandNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed