• Fri. Jun 12th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

बस्ताकोला क्लब में DGMS का सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, डंप व बेंच स्लोप स्टेबिलिटी पर विशेषज्ञों ने दी अहम जानकारी।

Bynoorimedia@2015

Mar 17, 2026

धनबाद (बस्ताकोला), 17 मार्च 2026:
बस्ताकोला क्षेत्र के बस्ताकोला क्लब में खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) के तत्वावधान में “डंप तथा बेंच स्लोप स्टेबिलिटी एवं मॉनिटरिंग” विषय पर एक महत्वपूर्ण सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में खदान सुरक्षा से जुड़े विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में खान सुरक्षा महानिदेशालय के डायरेक्टर माइंस सेफ्टी श्री सागेश कुमार, डिप्टी डायरेक्टर श्री राहुल पुरोहित, बस्ताकोला क्षेत्र के महाप्रबंधक श्री एस. के. गायकवाड़, महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) श्री संजय कुमार सिंह, बीसीसीएल मुख्यालय से ISO अधिकारीगण, विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी, बस्ताकोला क्षेत्र के एजीएम श्री अशोक शर्मा, एरिया सुरक्षा अधिकारी श्री अजय कुमार, तथा क्षेत्र की तीनों उत्पादक खदानों के अधिकारी, श्रमिक संगठन के पदाधिकारी और पिट सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन बस्ताकोला कोलियरी के प्रबंधक श्री अभिषेक शर्मा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक श्री एस. के. गायकवाड़ के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने खदानों में सुरक्षा मानकों के पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। इसके बाद तीनों कोलियरियों के सुरक्षा अधिकारियों ने अपने-अपने खदानों में बेंच तथा डंप स्लोप स्टेबिलिटी पर आधारित पावर-पॉइंट प्रस्तुति दी, जिसमें तकनीकी पहलुओं की गहन जानकारी साझा की गई।

इसके पश्चात ISO अधिकारी श्री संजय तलमले एवं DGMS के डिप्टी डायरेक्टर श्री राहुल पुरोहित ने डंप और बेंच स्लोप स्थिरता के महत्व को रेखांकित करते हुए PPT के माध्यम से प्रतिभागियों को जागरूक किया। उन्होंने संबंधित नियमों और विनियमों की विस्तृत जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान कंपनी सेफ्टी बोर्ड के सदस्य श्री एम. पाल तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और खदान सुरक्षा उपायों को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

समापन सत्र में DGMS के डायरेक्टर श्री सागेश कुमार ने खदानों में मौजूद वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। साथ ही, डंप और स्लोप स्थिरता से जुड़े अधिकारियों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

अंत में एजीएम श्री अशोक शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और कार्यक्रम की औपचारिक समाप्ति की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed