धनबाद/झारखंड, 11 अप्रैल 2026:
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की वित्तीय वर्ष 2026–27 की पहली और 8वीं महाप्रबंधक समन्वय बैठक शनिवार को कोयला भवन मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल ने की।
बैठक के दौरान कंपनी के उत्पादन, प्रेषण (डिस्पैच), ओबीआर, परिवहन क्षमता और पर्यावरणीय स्वीकृति से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई। साथ ही चालू माह के निर्धारित उत्पादन और प्रेषण लक्ष्यों को शत-प्रतिशत और समयबद्ध तरीके से हासिल करने पर विशेष जोर दिया गया।

सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने गुणवत्तापूर्ण कोयला उत्पादन को प्राथमिकता देने और वाशरियों के विकास पर बल दिया। उन्होंने उत्पादन क्षमता बढ़ाने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और डिस्पैच प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा हुई। खदानों में कोयला चोरी और हिंसक घटनाओं को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति के सख्त अनुपालन पर जोर दिया गया। हाल की घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात दोहराई गई।
संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत आधुनिक संसाधनों का चरणबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे निगरानी, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई की क्षमता में सुधार हो सके।

बैठक में क्षेत्रीय महाप्रबंधकों, डीआईजी-सीआईएसएफ जितेंद्र तिवारी सहित अन्य अधिकारियों ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अवैध खनन की रोकथाम को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर विस्तार से चर्चा कर ठोस कार्ययोजना बनाने पर सहमति बनी।
इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, वरिष्ठ सलाहकार (सुरक्षा) विपुल शुक्ला सहित सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, सीएमडी सचिवालय के अधिकारी और सीआईएसएफ के कमांडेंट मौजूद रहे।
अंत में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने सभी अधिकारियों को कंपनी के समग्र विकास, सुरक्षित कार्य वातावरण और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।
BCCL #CoalIndia #DhanbadNews #JharkhandNews #CoalProduction #MiningSafety #CISF #CoalDispatch #IndiaEnergy #IndustrialNews
