धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन मुख्यालय में आज एक गरिमामय सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (एचआरडी) सहित मुख्यालय से सेवानिवृत्त 7 कर्मचारियों समेत कुल 8 कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी-संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, महाप्रबंधक (प्रशासन) अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) शोभा जे. कुजूर तथा विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) मधुस्मिता लकड़ा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान-पत्र वाचन से हुई। इसके बाद सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों को अंग-वस्त्र, श्रीफल, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि सेवानिवृत्ति कर्मियों के समर्पण, अनुशासन और योगदान की सार्थक पूर्णता का प्रतीक है। उन्होंने इसे आत्मचिंतन, व्यक्तिगत विकास और समाज सेवा का अवसर बताते हुए सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ, सक्रिय और समाज के प्रति योगदान देते रहने की प्रेरणा दी।
बीसीसीएल के अनुसार, मार्च माह में कंपनी से कुल 129 कार्मिक सेवानिवृत्त हुए, जिनमें 1 अधिकारी और 128 कर्मचारी शामिल हैं। मुख्यालय में सेवानिवृत्त 8 कर्मियों के सम्मान में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी अलग-अलग समारोह आयोजित किए गए।
समारोह में सम्मानित होने वाले प्रमुख सेवानिवृत्त कर्मियों में अनूप कुमार राँय (महाप्रबंधक, खनन), रबिन्द्र नाथ मुखर्जी (कॉस्ट अकाउंटेंट/अकाउंटेंट), धनी राम (सफाई कर्मचारी), सबिया देवी (सामान्य सहायक), कपिल देव राम (कार्यालय अधीक्षक – ओएल), चंचल चक्रबर्ती (वरीय डाटा एंट्री ऑपरेटर, ग्रेड-1), हरबंस सिंह (कार्यालय अधीक्षक) तथा अरबिंद कुमार सिंह (सुरक्षा प्रहरी) शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (मानव संसाधन/जनसंपर्क) प्रणव ओझा ने किया।
BCCL #CoalBhawan #RetirementCeremony #DhanbadNews #PSUNews #EmployeeRecognition #RetirementHonour #CoalIndia #JharkhandNews #CorporateEvents
