धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत कोयला नगर स्थित कम्युनिटी हॉल में मोंटेसरी टीचर्स ट्रेनिंग कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन महिला विकास शिक्षण प्रशिक्षण समिति, धनबाद द्वारा किया गया।
छह माह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में धनबाद के तीन विद्यालय—सरस्वती विद्या मंदिर, भूली; सरस्वती विद्या मंदिर, श्यामडीह कतरास; और सरस्वती विद्या मंदिर, तेतुलमारी—के कुल 50 शिक्षकों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह के दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं मार्कशीट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने शिक्षकों को प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा समाज की प्रगति का आधार है और शिक्षकों की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की क्षमता को बढ़ाते हैं और छात्रों के समग्र विकास में सहायक होते हैं।

इस अवसर पर बीसीसीएल के सीएसआर विभागाध्यक्ष सुरेंद्र भूषण, सीएसआर टीम के सदस्य, विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। छात्राओं द्वारा गणेश वंदना, स्वागत गीत और शिव तांडव पर प्रस्तुत नृत्य ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।
समिति की सचिव डॉ. अरविंदर कौर ने स्वागत भाषण में प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पहल शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल को उन्नत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के डॉ. उपेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा।
समारोह के दौरान बीसीसीएल के सीएमडी सहित सभी विद्यालयों के प्राचार्यों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
BCCL #CSRInitiative #DhanbadNews #TeacherTraining #MontessoriTraining #EducationDevelopment #JharkhandNews #SkillDevelopment #CommunityDevelopment #BBMKU
