• Fri. Jun 12th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

धनबाद दौरे पर केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, बेलगढ़िया टाउनशिप में पुनर्वास कार्यों का लिया जायजा।

Bynoorimedia@2015

May 13, 2026

धनबाद। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे के तहत बुधवार को धनबाद पहुंचे। दौरे के दौरान उन्होंने बेलगढ़िया टाउनशिप में चल रहे पुनर्वास एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया और कोयला भवन मुख्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बेलगढ़िया टाउनशिप पहुंचने पर मंत्री ने झरिया मास्टर प्लान के अंतर्गत विस्थापित परिवारों के पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान झरिया विधायक रागिनी सिंह, धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) मुरलीकृषण रमैया , निदेशक तकनीकी संचालन संजय सिंह, निदेशक तकनीकी परियोजना राजीव सिन्हा सहित कोयला मंत्रालय और जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री ने कहा कि झरिया क्षेत्र के अग्नि प्रभावित परिवारों का पुनर्वास केवल स्थानांतरण नहीं, बल्कि उनके जीवन स्तर में व्यापक सुधार की पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र परिवार पुनर्वास से वंचित न रहे और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

इस अवसर पर मंत्री ने बीसीसीएल द्वारा संचालित आजीविका एवं रोजगार सृजन परियोजना का शिलान्यास किया। साथ ही बीसीसीएल की सीएसआर योजना के तहत पांच लाभार्थियों को ई-रिक्शा की चाभियां सौंपीं। उन्होंने महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया और स्वरोजगार व कौशल विकास को क्षेत्रीय विकास के लिए जरूरी बताया।

इसके बाद कोयला भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में बीसीसीएल एवं जेआरडीए की विभिन्न परियोजनाओं, कोयला उत्पादन, सुरक्षा उपायों, पुनर्वास कार्यों और पर्यावरणीय पहलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बीसीसीएल के निदेशक (तकनीकी-संचालन) संजय कुमार सिंह ने झरिया मास्टर प्लान के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रस्तुति दी।

मंत्री ने कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोयला क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है और उत्पादन के साथ-साथ मानवीय एवं पर्यावरणीय पहलुओं पर भी बराबर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अवैध खनन और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में भू-धंसान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि टांडाबाड़ी, केंदुआडीह और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की जटिल भूगर्भीय परिस्थितियों को देखते हुए पुनर्वास ही स्थायी और सुरक्षित समाधान है। बीसीसीएल और जिला प्रशासन मिलकर प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने मंत्री का स्वागत करते हुए कंपनी की उपलब्धियों, सुरक्षा उपायों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। मंत्री का यह दौरा झरिया क्षेत्र में पुनर्वास, विकास और सुरक्षित खनन गतिविधियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

#SatishChandraDubey #Dhanbad #Jharkhand #BCCL #Jharia #CoalMinistry #BelghariaTownship #CoalIndia #Rehabilitation #JharkhandNews #MiningNews #CoalSector #CSR #EmploymentGeneration #E_Rickshaw #JhariaMasterPlan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed