धनबाद। बीसीसीएल मुख्यालय स्थित कोयला भवन में कॉर्पोरेट स्तरीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रयोग और अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया ने की।
बैठक में महाप्रबंधक (राजभाषा) श्री मनीष मिश्रा, विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष, सभी क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन), नोडल राजभाषा अधिकारी तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पिछली तिमाही में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। साथ ही जनवरी-मार्च 2026 की हिंदी प्रगति रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा हुई। हिंदी कार्यशालाओं और तिमाही समीक्षा बैठकों के लिए जारी कैलेंडर को भी मंजूरी दी गई।

राजभाषा विभाग एवं हिंदी शाखा को और मजबूत बनाने, कर्मचारियों की तैनाती तथा राजभाषा नियम 1976 के नियम 8(4) के तहत हिंदी में प्रवीण कर्मचारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश तय किए गए। बैठक में राजभाषा कार्यान्वयन को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न जांच-बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जनवरी-मार्च 2026 अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को राजभाषा का ‘चल वैजयंती शील्ड’ प्रदान किया गया। मुख्यालय स्तर पर सचिवालय – निदेशक मानव संसाधन तथा क्षेत्रीय स्तर पर कतरास क्षेत्र को यह सम्मान मिला।
अपने संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग और उसका विस्तार सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से हिंदी को दैनिक और प्रशासनिक कार्यों का स्वाभाविक हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अवसर पर प्रबंधक (राजभाषा) श्री उदयवीर सिंह को भी सम्मानित किया गया। कोल इंडिया में पदोन्नति के बाद उनका स्थानांतरण वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) में हुआ है। बीसीसीएल में यह उनका अंतिम औपचारिक राजभाषा कार्यक्रम रहा। अधिकारियों ने राजभाषा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया के स्वागत और महाप्रबंधक (मानव संसाधन/राजभाषा) श्री मनीष मिश्रा के स्वागत भाषण से हुई। बैठक का संचालन प्रबंधक (राजभाषा) श्री उदयवीर सिंह ने किया।
#बीसीसीएल #राजभाषा #मुरलीकृष्णरमैया #मनीषमिश्रा #उदयवीरसिंह #कतरासक्षेत्र #कोलइंडिया #धनबादन्यूज #झारखंडन्यूज #हिंदी #राजभाषाकार्यान्वयन #कोयलाभवन #BCCL #CoalIndia #DhanbadNews #JharkhandNews #Rajbhasha #HindiLanguage #KatrasArea
