ICCC केंद्र का निरीक्षण कर डिजिटल निगरानी तंत्र को और मजबूत करने के दिए निर्देश
सतर्कता संगोष्ठी में नव-नियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को पारदर्शिता, ईमानदारी और सुशासन का दिया संदेश
धनबाद। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने अपने दो दिवसीय बीसीसीएल दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को सिजुआ और कतरास क्षेत्रीय कार्यालय का भ्रमण कर विभिन्न परिचालन गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) का निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा नव-नियुक्त कर्मियों के साथ सतर्कता, पारदर्शिता एवं सुशासन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
ICCC केंद्र में डिजिटल निगरानी तंत्र का लिया जायजा
अपने दौरे के दौरान ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने सबसे पहले सिजुआ और कतरास के आईसीसीसी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में लाइव स्ट्रीमिंग, जीपीएस इनेबल्ड व्हीकल ट्रैकिंग, रूट फेंसिंग और अन्य डिजिटल सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अलावा बांसजोड़ा रेलवे साइडिंग, आरएफआईडी बूम बैरियर एक्सेस कंट्रोल सिस्टम और वेटमेंट सिस्टम की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की।
सीवीओ ने खदानों में लागू इस डिजिटल निगरानी तंत्र की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीक के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा त्वरित बनाया जाए।
इस दौरान निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) राजीव कुमार सिन्हा, बीसीसीएल की सीवीओ दीप्ति पटेल, महाप्रबंधक (सतर्कता/सीआईएल) एन.आर. श्रीवास्तव, महाप्रबंधक (सतर्कता) बीसीसीएल एन.के. ठाकुर, महाप्रबंधक (ईएनटी) आर.आर. कर्ण, महाप्रबंधक (सिजुआ) निर्झर चक्रवर्ती और महाप्रबंधक (कतरास) बी.के. झा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
आईसीसीसी केंद्र के निरीक्षण के बाद ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और ‘एक पेड़ सतर्कता के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस अवसर पर दीप्ति पटेल समेत अन्य अधिकारियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सतर्कता संगोष्ठी में ईमानदारी और पारदर्शिता पर जोर
क्षेत्रीय भ्रमण के अंतिम चरण में एमटी हॉस्टल परिसर स्थित प्रज्ज्वला महिला समिति कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित सतर्कता संगोष्ठी में ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने नव-नियुक्त मैनेजमेंट ट्रेनी, अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि सतर्कता केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की कार्यशैली, सोच और दायित्वबोध से जुड़ा विषय है। यदि कर्मचारी ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तो संगठन की कार्यक्षमता, विश्वसनीयता और जनविश्वास स्वतः मजबूत होता है।
उन्होंने अधिकारियों और नव-नियुक्त कर्मियों से निष्पक्षता, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा के उच्च मानकों का पालन करने तथा तकनीक आधारित कार्यप्रणालियों को अपनाकर सुशासन और परिचालन दक्षता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

संगठन की सफलता का आधार हैं नैतिक मूल्य : राजीव कुमार सिन्हा
इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि तकनीकी उत्कृष्टता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों पर आधारित कार्यसंस्कृति ही किसी भी संस्था की दीर्घकालिक सफलता का आधार होती है।
वहीं, बीसीसीएल की सीवीओ दीप्ति पटेल ने कहा कि बीसीसीएल डिजिटल और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित विभिन्न पहलों के माध्यम से अपने निगरानी तंत्र को लगातार सुदृढ़ कर रहा है। कंपनी आधुनिक तकनीकों, नवाचार आधारित प्रणालियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली को अपनाकर उत्कृष्ट निगरानी व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
डिजिटल पहलों और परिचालन उपलब्धियों की प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान निर्झर चक्रवर्ती ने स्वागत संबोधन देते हुए सिजुआ क्षेत्र की विभिन्न उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद सिजुआ और कतरास क्षेत्र के अधिकारियों ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से आईसीसीसी, आरएफआईडी आधारित बूम बैरियर एक्सेस कंट्रोल सिस्टम, वेटमेंट सिस्टम, जीपीएस आधारित वाहन ट्रैकिंग, एआई आधारित सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम और बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली सहित विभिन्न डिजिटल पहलों की जानकारी दी।

साथ ही डी-वाटरिंग मैकेनिज्म, पर्यावरण संरक्षण और भूमि अतिक्रमण निष्पादन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं पर भी विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘इंटीग्रिटी प्रॉमिस’ यानी सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई और ईमानदारी, निष्पक्षता तथा पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
गौरतलब है कि अपने दो दिवसीय बीसीसीएल दौरे के दौरान ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने कोयला भवन मुख्यालय में आयोजित ‘मिशन सीआईएल@2026: रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म, परफॉर्म एंड इन्फॉर्म’ विषयक विशेष सतर्कता संवादात्मक सत्र में भी मुख्य अतिथि और विशिष्ट वक्ता के रूप में भाग लिया था।
#BrajeshKumarTripathi #CIL #BCCL #Sijua #Katraas #ICCC #DigitalMonitoring #Vigilance #RajeevKumarSinha #DeeptiPatel #NRSrivastava #NKThakur #RRKarna #NirjharChakravarty #BKJha #CoalIndia #DhanbadNews #JharkhandNews #MiningNews #GoodGovernance #Transparency #Integrity #CoalSector #BCCLNews
