• Sun. Nov 1st, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

BCCL CMD मनोज कुमार अग्रवाल ने निदेशक मंडल के साथ किया दुग्दा क्षेत्र का दौरा, CSR परियोजनाओं और 20 मेगावाट सोलर प्लांट का लिया जायजा।

Bynoorimedia@2015

Jun 27, 2026

भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने शनिवार को निदेशक मंडल के सदस्यों निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार और निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) राजीव कुमार सिन्हा के साथ दुग्दा क्षेत्र का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दुग्दा पहाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की, बीसीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) योजनाओं के तहत विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन किया और दुग्दा स्थित 20 मेगावाट सोलर प्लांट का निरीक्षण किया।

दौरे के दौरान महाप्रबंधक (वाशरी) सोहेल इकबाल, परियोजना पदाधिकारी (दुग्दा कोल वाशरी) अमित कुमार, वाशरी डिवीजन एवं दुग्दा कोल वाशरी के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

दुग्दा पहाड़ी मंदिर में की पूजा-अर्चना

दौरे की शुरुआत सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल और निदेशक मंडल के सदस्यों ने प्रसिद्ध दुग्दा पहाड़ी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ की। उन्होंने बीसीसीएल परिवार की समृद्धि, कर्मचारियों की सुरक्षा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की कामना की। इस दौरान मंदिर समिति के सदस्यों ने उनका पारंपरिक स्वागत किया और मंदिर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी की गई।

सरस्वती विद्या मंदिर में CSR परियोजनाओं का उद्घाटन

इसके बाद बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारियों का दल दुग्दा स्थित पंडित बागेश्वर पाण्डेय सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचा, जहां सीएसआर योजना के तहत विद्यालय परिसर में स्थापित एक डीजी सेट और तीन आरओ (वॉटर प्यूरीफायर) का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल केवल कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय समुदाय और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर देते हुए विद्यालय के विकास के लिए बीसीसीएल की निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और पारंपरिक गीतों एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। सीएमडी ने बच्चों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

20 मेगावाट सोलर प्लांट का किया निरीक्षण

दौरे के अंतिम चरण में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने दुग्दा स्थित बीसीसीएल के 20 मेगावाट सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने संयंत्र की कार्यप्रणाली, विद्युत उत्पादन और परियोजना की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन का यह दौरा कंपनी की सीएसआर गतिविधियों, आधारभूत अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण और क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति उसकी सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

#BCCL #ManojKumarAgrawal #Dugda #BokaroNews #CSR #SolarPlant #CoalIndia #BCCLNews #JharkhandNews #DugdaCoalWashery #Education #RenewableEnergy #मनोजकुमारअग्रवाल #बीसीसीएल #दुग्दा #बोकारो #झारखंडसमाचार #सीएसआर #सोलरप्लांट #कोल_इंडिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed