धनबाद, 29 जून 2026। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में सोमवार को अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीसीसीएल के निदेशकगण, वरिष्ठ सलाहकार (सुरक्षा), डीआईजी, सीआईएसएफ, महाप्रबंधक (सुरक्षा), महाप्रबंधक (ई एंड एम) और सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों ने भाग लिया।
बैठक में कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था, अवैध खनन और कोयला चोरी की रोकथाम के उपायों तथा पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में लंबित मामलों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) में आईपी फोन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया, ताकि सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण बातचीत की रिकॉर्डिंग उपलब्ध हो सके और जरूरत पड़ने पर जांच एवं कानूनी कार्रवाई में उसका उपयोग किया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर निगरानी और समीक्षा के लिए अगले 15 दिनों के भीतर फिर से सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक के साथ हुई घटना पर भी गंभीर चर्चा की गई। इस मामले से उच्च अधिकारियों और संबंधित मंत्रालय को अवगत कराने तथा आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
अवैध खनन और कोयला चोरी के मामलों में एमएमडीआर अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत सीआईएसएफ द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बीसीसीएल प्रबंधन और सीआईएसएफ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा क्षेत्रीय महाप्रबंधकों के निर्देशों का निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पालन करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल ने दोहराया कि कंपनी अवैध खनन, कोयला चोरी और राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा के मामलों में ‘शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेंस)’ की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन, सीआईएसएफ और जिला प्रशासन के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा कंपनी की परिसंपत्तियों और राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की समाप्ति की घोषणा की गई।
#BCCL #बीसीसीएल #मनोजकुमारअग्रवाल #अवैधखनन #कोयलाचोरी #CISF #धनबाद #सुरक्षासमीक्षाबैठक #CoalIndia #MMDRAct #JharkhandNews #CoalMining #NationalProperty #DhanbadNews #BreakingNews
