बीसीसीएल द्वारा घायल पंप हाउस कर्मी को उपलब्ध कराई जा रही सभी आवश्यक चिकित्सीय सहायता, सीएमडी सहित वरीय अधिकारियों ने जाना स्वास्थ्य का हाल।
धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के गोविंदपुर क्षेत्र-III स्थित एबीजी कोलियरी के पंप हाउस में केबल लूट की घटना में घायल पंप ऑपरेटर उमेश रविदास को बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया है। बीसीसीएल प्रबंधन उनकी लगातार चिकित्सीय निगरानी कर रहा है और इलाज की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
शनिवार (27 जून) को बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया तथा अन्य वरीय अधिकारी केंद्रीय अस्पताल (सीएचडी) पहुंचे और घायल कर्मी से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।

सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायल कर्मी के उपचार और देखभाल में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उमेश रविदास और उनके परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन इस कठिन समय में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि कंपनी के लिए अपने कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है। मौके पर गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक सत्यकम आनंद और महाप्रबंधक (सुरक्षा) हफिजुल कुरैशी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात करीब 1:30 बजे गोविंदपुर क्षेत्र-III के एबीजी कोलियरी स्थित पंप हाउस में अज्ञात अपराधियों ने केबल लूटने का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात पंप ऑपरेटर उमेश रविदास ने इसका विरोध किया, जिसके बाद अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए बीसीसीएल केंद्रीय अस्पताल लाया गया।
बीसीसीएल प्रबंधन ने बताया कि मामले में सोनारडीह ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। साथ ही कार्यस्थलों पर सशस्त्र बलों की तैनाती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
#BCCL #उमेशरविदास #मनोजकुमारअग्रवाल #मुरलीकृष्णरमैया #सत्यकामआनंद #हफिजुलकुरैशी #धनबाद #गोविंदपुर #एबीजीकोलियरी #केबलचोरी #गोलीकांड #कोलइंडिया #झारखंड_समाचार #BreakingNews #DhanbadNews #JharkhandNews
