धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन मुख्यालय में मंगलवार को सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कंपनी के 09 अधिकारियों और मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 04 कर्मचारियों सहित कुल 13 कार्मिकों को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) कुमार मनोज, महाप्रबंधक (श्रमशक्ति नियोजन) अर्पण घोष, महाप्रबंधक (पीएफ एवं पेंशन) विद्युत् साहा, विभागाध्यक्ष (प्रशासन) मनीष मिश्रा, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) शोभा जे. कुजूर तथा विभागाध्यक्ष (कल्याण) किरण रानी नायक ,सीएमओएआई अध्यक्ष ए.के. सिंह सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के सदस्य, अधिकारी-कर्मी और सेवानिवृत्त कार्मिकों के परिजन उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान-पत्र वाचन से हुई। इसके बाद सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को अंगवस्त्र, श्रीफल, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं अन्य उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक पूंजी उसका कार्यबल होता है और संगठन की उपलब्धियों के पीछे कर्मचारियों का वर्षों का समर्पण और अथक परिश्रम होता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त सभी कार्मिकों का कंपनी की प्रगति में अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने सभी को सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह और निदेशक (वित्त) राजेश कुमार ने भी अपने संबोधन में सेवानिवृत्त कार्मिकों की सेवाओं की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।
बीसीसीएल के अनुसार जून माह में कंपनी से कुल 162 कार्मिक सेवानिवृत्त हुए हैं। इनमें 09 अधिकारी तथा मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों के 153 कर्मचारी शामिल हैं। कोयला भवन मुख्यालय में आयोजित समारोह में सभी 09 सेवानिवृत्त अधिकारियों और मुख्यालय से सेवानिवृत्त 04 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जबकि विभिन्न क्षेत्रों में भी सेवानिवृत्त कार्मिकों के लिए अलग-अलग सम्मान समारोह आयोजित किए गए।
सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों में शामिल रहें – श्री मधुप कुमार शेठ, महाप्रबंधक (उत्खनन), श्री गणेश चन्द्र साहा, महाप्रबंधक (खनन), श्री अव्रेन्द्र कुमार, महाप्रबंधक (खनन), श्री एस. पी. रबिदास, मुख्य प्रबंधक (उत्खनन), श्री जयंत कुमार जैसवाल, मुख्य प्रबंधक (खनन), श्री यशवंत सिंह राजपूत, मुख्य प्रबंधक (खनन), श्री बिष्णु देव सिंह, मुख्य प्रबंधक (मा.सं.), श्री पी. टी. रोबिनसन राज, प्रबंधक (खनन), श्री अरुण कुमार पाठक, सहायक अभियंता (उत्खनन), श्री कालो हाड़ी, वार्ड बॉय, श्री सोम्या घोष, लेखापाल, श्रीमती बिनोद कुमार सिंह, कार्यालय अधीक्षक तथा श्री बिशु चक्रवर्ती, पंप ऑपरेटर।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष (कल्याण) किरण रानी नायक और प्रबंधक (अधिकारी स्थापना) मनीष चन्द्र साहू ने संयुक्त रूप से किया।
