वाणिज्य भवन में झरिया मास्टर प्लान की उच्चस्तरीय समीक्षा, बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने प्रस्तुत की प्रगति रिपोर्ट।
नई दिल्ली। नई दिल्ली स्थित वाणिज्य भवन में मंगलवार को आयोजित झरिया मास्टर प्लान (जेएमपी) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी की मौजूदगी में हुई, जबकि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में कोयला सचिव श्री विक्रम देव दत्त, अतिरिक्त सचिव श्री सनोज कुमार झा, कोयला मंत्रालय के सलाहकार श्री आलोक कुमार सिंह, कोल इंडिया के अध्यक्ष श्री बी. साईराम, निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) कोल इंडिया श्री आशीष कुमार सहित कोयला मंत्रालय, कोल इंडिया लिमिटेड और विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान झरिया मास्टर प्लान के तहत संचालित कार्यों और उनकी प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, रोजगार सृजन, कौशल विकास तथा अन्य जनकल्याणकारी और विकासात्मक गतिविधियों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। साथ ही योजना के विभिन्न घटकों के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में अब तक हासिल उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की।
समीक्षा बैठक में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने झरिया मास्टर प्लान के अंतर्गत बीसीसीएल द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुनर्वास कार्यों में तेजी बनाए रखने, परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल, कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने झरिया मास्टर प्लान के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। यह समीक्षा बैठक परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, क्षेत्र के समग्र विकास तथा बीसीसीएल की विकासात्मक एवं परिचालन गतिविधियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

#झरियामास्टरप्लान #BCCL #मनोजकुमारअग्रवाल #जीकिशनरेड्डी #पीयूषगोयल #CoalIndia #कोयलामंत्रालय #नई_दिल्ली #Jharia #CoalNews #Rehabilitation #JharkhandNews #MiningNews #IndiaNews
