साहिबगंज।
झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबू इमरान सोमवार को साहिबगंज पहुंचे, जहां उन्होंने राजमहल में जल जीवन मिशन के तहत संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव ने राजमहल प्रखंड के पूर्वी नारायणपुर में निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण किया। यहां परियोजना का कार्य कर रही एजेंसी एल एंड टी (लार्सन एंड टुब्रो) के अधिकारियों से उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और कार्य में गुणवत्ता के साथ तेजी लाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अबू इमरान ने कहा कि जल जीवन मिशन संथाल परगना क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूरा होने के बाद पाइपलाइन के माध्यम से क्षेत्र के अधिकांश गांवों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान होगा।

उन्होंने बताया कि यह परियोजना केंद्र और राज्य सरकार की 50-50 प्रतिशत वित्तीय भागीदारी से संचालित की जा रही है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यान्वयन एजेंसी को मार्च 2028 तक परियोजना का कार्य पूरा कर विभाग को सौंपना होगा।
निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर भूमि संबंधी कुछ समस्याओं की जानकारी भी एजेंसी द्वारा सचिव को दी गई, जिनके समाधान पर भी चर्चा की गई।
#Jharkhand #Sahibganj #JalJeevanMission #Rajmahal #DrinkingWater #SanthalPargana #AbuImran #JharkhandNews #WaterSupply #LarsenAndToubro #LNT #Development #HindiNews #BreakingNews #GovernmentNews
