धनबाद। कोयला भवन मुख्यालय में शुक्रवार को भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) एवं टाटा स्टील के बीच संचालित बीसीसीएल-टीएसएल संयुक्त वॉशरी (संयुक्त उपक्रम) के प्रदर्शन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा भविष्य की साझेदारी के विभिन्न संभावित क्षेत्रों पर चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की।
बैठक में संयुक्त वॉशरी के संचालन, परिचालन दक्षता बढ़ाने, उत्पादन एवं गुणवत्ता में सुधार, संसाधनों के बेहतर उपयोग, आपसी समन्वय को मजबूत करने तथा दोनों संस्थानों के पारस्परिक हितों से जुड़े विभिन्न सहयोगात्मक क्षेत्रों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संयुक्त रूप से कार्य करने की संभावनाओं और दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल और टाटा स्टील के बीच वर्षों से स्थापित साझेदारी पारस्परिक विश्वास, सहयोग और साझा उद्देश्यों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि परिचालन उत्कृष्टता, संसाधनों के सर्वोत्तम उपयोग, नवाचार तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से संयुक्त वॉशरी के प्रदर्शन में निरंतर सुधार किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों संस्थान भविष्य में भी साझा प्रतिबद्धता के साथ औद्योगिक विकास और उत्कृष्ट प्रदर्शन की दिशा में मिलकर कार्य करते रहेंगे।
बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने संयुक्त उपक्रम के बेहतर संचालन, दीर्घकालिक सहयोग तथा नियमित संवाद एवं समन्वय के माध्यम से साझा उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में बीसीसीएल की ओर से निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार, महाप्रबंधक (वॉशरी) श्री एम. सोहैल इकबाल, महाप्रबंधक (मार्केटिंग एंड सेल्स) श्री हितेश वर्मा, वरीय प्रबंधक (मार्केटिंग एंड सेल्स) श्री एन. के. विरमानी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं टाटा स्टील की ओर से वाइस प्रेसिडेंट श्री संदीप कुमार, महाप्रबंधक (कोयला) श्री संजय राजोरिया तथा कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए।
