• Fri. Oct 30th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

केंदुआडीह में धनबाद-बोकारो क्षतिग्रस्त सड़क की खुदाई शुरू।

Bynoorimedia@2015

Aug 8, 2026

धनबाद: केंदुआडीह में भू-धंसान और गैस रिसाव के कारण पिछले करीब 6-7 महीनों से बंद धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को दोबारा चालू करने की दिशा में कार्रवाई शुरू हो गई है। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की टीम ने 7 अगस्त 2026 से जेसीबी मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त सड़क की वैज्ञानिक तरीके से खुदाई शुरू कर दी है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि सड़क को जनहित में दोबारा शुरू करने को लेकर 7 जुलाई 2026 को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, धनबाद की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, जिले के जनप्रतिनिधि, BCCL के अधिकारी और विभिन्न तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे।

बैठक के दौरान प्रभावित क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से खुदाई कराने का सुझाव दिया गया था। इसके बाद BCCL ने खुदाई कार्य के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार किया और 7 अगस्त से जेसीबी की सहायता से कार्य शुरू कर दिया।

खुदाई के दौरान BCCL के पीबी एरिया के महाप्रबंधक जे.के. दास, तकनीकी टीम, सुरक्षा बल और तकनीकी संस्थानों की टीम मौके पर मौजूद रही। सुरक्षा को देखते हुए पूरे कार्यक्षेत्र की घेराबंदी कर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, खुदाई पूरी होने और तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह निर्णय लिया जाएगा कि धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को दोबारा यातायात के लिए खोलना सुरक्षित है या इसमें जोखिम है।

उपायुक्त ने आम लोगों से अपील की है कि वे खुदाई स्थल और प्रभावित क्षेत्र से दूर रहें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed