धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की 55वीं वार्षिक आमसभा (Annual General Meeting-AGM) का आयोजन कोयला भवन मुख्यालय, धनबाद में किया गया। बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध होने के बाद बीसीसीएल की यह पहली वार्षिक आमसभा रही। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की।
बैठक में कोयला मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव श्री सनोज कुमार झा तथा कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (विपणन) श्री मुकेश कुमार चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया।
इस अवसर पर बीसीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा, कंपनी सचिव श्री देबानुज देबनाथ, सीएमडी के तकनीकी सचिव श्री उमा शंकर शुक्ला तथा लेखा परीक्षक श्री मदन मोहन प्रसाद (मेसर्स एनएजी एंड एसोसिएट्स) सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कंपनी के शेयरधारक भी ऑनलाइन माध्यम से बैठक से जुड़े।
वित्त वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन की हुई समीक्षा
वार्षिक आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लेखा-जोखा, परिचालन उपलब्धियों, वित्तीय प्रदर्शन, भविष्य की रणनीतियों और कंपनी की दीर्घकालिक विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और कठिन परिचालन परिस्थितियों के बावजूद बीसीसीएल ने देश की ऊर्जा सुरक्षा तथा इस्पात क्षेत्र की आवश्यकताओं की पूर्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी है।
उन्होंने वित्त वर्ष 2025-26 के उत्पादन, डिस्पैच और वित्तीय प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि परिचालन एवं भू-वैज्ञानिक चुनौतियों के कारण कंपनी के उत्पादन और लाभप्रदता पर असर पड़ा, लेकिन बीसीसीएल ने दीर्घकालिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण रणनीतिक पहलों को आगे बढ़ाया है।

लॉन्गवॉल, हाईवॉल और AI आधारित निगरानी पर BCCL का जोर
सीएमडी ने बताया कि बीसीसीएल आधुनिक खनन तकनीकों के विस्तार की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इनमें लॉन्गवॉल माइनिंग, हाईवॉल माइनिंग और कंटीन्यूअस माइनर तकनीक प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके साथ ही भूमिगत खदानों के पुनर्संचालन, वाशरियों के आधुनिकीकरण, रेलवे अवसंरचना के विकास, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, एआई आधारित निगरानी प्रणाली, ऊर्जा दक्षता, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने पर भी कंपनी का विशेष जोर है।
सीएमडी ने कहा कि सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पारदर्शी कॉरपोरेट गवर्नेंस, उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग, तकनीकी नवाचार और शेयरधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन कंपनी की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
BCCL के IPO और शेयर बाजार में लिस्टिंग को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने बीसीसीएल के सफल आईपीओ और स्टॉक एक्सचेंजों में सूचीबद्ध होने को कंपनी के इतिहास का महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।
उन्होंने कहा कि सूचीबद्ध कंपनी के रूप में बीसीसीएल उच्च स्तर की पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और निवेशकों के हितों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR), पर्यावरणीय स्थिरता, कर्मचारी कल्याण और राष्ट्र निर्माण में बीसीसीएल की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
शेयरधारकों ने लाभ, उत्पादन, IPO और डिविडेंड पर पूछे सवाल
बैठक के दौरान शेयरधारकों और निवेशकों ने कंपनी प्रबंधन के सामने कई महत्वपूर्ण सवाल एवं सुझाव रखे। इनमें प्रथम तिमाही के वित्तीय परिणाम, लाभ में कमी, उत्पादन एवं राजस्व की स्थिति, आईपीओ मूल्य निर्धारण, लाभांश, ऋण-इक्विटी अनुपात, सुरक्षित ऋण और बकाया देनदारियों से जुड़े विषय प्रमुख रहे।
इसके अलावा उत्पादन बढ़ाने की रणनीति, आधुनिक खनन तकनीकों का इस्तेमाल, सुरक्षा उपाय, पर्यावरण संरक्षण, निवेशक सेवाओं को मजबूत करने, समर्पित निवेशक हेल्पलाइन, वार्षिक प्रतिवेदन की हार्ड कॉपी, भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं और सीएसआर गतिविधियों को लेकर भी सवाल किए गए।
सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने निवेशकों और शेयरधारकों के प्रश्नों का विस्तार से जवाब देते हुए कहा कि कंपनी मौजूदा चुनौतियों के समाधान के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि बीसीसीएल उत्पादन क्षमता बढ़ाने, लागत दक्षता में सुधार, तकनीकी उन्नयन, परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा और पर्यावरणीय दायित्वों के निर्वहन के साथ निवेशकों से संवाद को और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान में चल रही रणनीतिक और आधारभूत विकास परियोजनाओं के सकारात्मक परिणाम आने वाले वर्षों में बीसीसीएल के परिचालन एवं वित्तीय प्रदर्शन को और मजबूत करेंगे।
देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा BCCL
समापन संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कोयला मंत्रालय, कोल इंडिया लिमिटेड, निदेशक मंडल, स्टेकहोल्डर्स, ग्राहकों, वित्तीय संस्थानों, ऑडिटरों और सभी हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, पारदर्शी प्रबंधन, सुरक्षित एवं सतत खनन और सामूहिक प्रयासों के बल पर बीसीसीएल भविष्य में भी देश की ऊर्जा सुरक्षा एवं औद्योगिक विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए सभी हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजन करता रहेगा।
वार्षिक आमसभा का वर्चुअल संचालन एनएसडीएल की तकनीकी टीम वीसी नाउ (VC NOW) द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन बीसीसीएल के कंपनी सचिव श्री देबानुज देबनाथ के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
#BCCL #BCCLAGM #BharatCokingCoalLimited #Dhanbad #DhanbadNews #CoalIndia #CoalMinistry #BCCLIPO #BCCLNews #AnnualGeneralMeeting #CoalMining #MiningNews #IndianCoal #EnergySecurity #StockMarket #BSE #NSE #Shareholders #Investors #FinancialResults #MiningTechnology #DigitalTransformation #ArtificialIntelligence #CSR #JharkhandNews #ManojKumarAgarwal
