• Sat. Oct 31st, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

सीआईएसएफ, बीसीसीएल एवं जिला प्रशासन के संयुक्त अभियान से अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: 15.06 टन अवैध कोयला बरामद, दो अवैध मुहाने बंद, 17 स्थानों पर छापेमारी।

Bynoorimedia@2015

Aug 6, 2026

धनबाद: भारत सरकार की ‘ज़ीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी’ के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) एवं जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन, कोयला चोरी, अवैध भंडारण और अवैध परिवहन के विरुद्ध संयुक्त अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को विभिन्न बीसीसीएल क्षेत्रों में 17 स्थानों पर सघन छापेमारी एवं सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं।

संयुक्त अभियान के दौरान एरिया-09 (बस्ताकोला) के कुइया चेक पोस्ट, DBQ एवं कुइया काली क्षेत्र से लगभग 15.06 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। इस मामले में एमएमडीआर अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं एरिया-02 (महूदा) एवं एरिया-04 (कतरास) में कुल दो निष्क्रिय अवैध मुहानों की भराई कर अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने की कार्रवाई की गई।

ड्रोन सर्विलांस एवं क्षेत्रीय निगरानी के दौरान एरिया-03 (गोविंदपुर/आकाशकिनारी) के राहुल चौक के समीप एक संदिग्ध कोयला डिपो की पहचान की गई। इसी क्षेत्र के AKC वर्कशॉप में चोरी के प्रयास को विफल करते हुए डोजर का रोलर बरामद किया गया। वहीं सिलेक्टर बस्ती भू-धंसान स्थल पर बीसीसीएल का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा और राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

एरिया-04 (कतरास) में भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र में ट्रेंच कटिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। एरिया-06B (कुस्तौर) में ऐना माइंस एवं BNR रेलवे साइडिंग का औचक निरीक्षण किया गया। रोजगार संबंधी धरना समाप्त होने के बाद BNR रेलवे साइडिंग पर कोयला परिवहन पुनः सामान्य हो गया।

इसी दौरान एरिया-07 (पुटकी) में एक नया अवैध एस्केप रूट चिन्हित किया गया, जिसे बंद कराने की कार्रवाई जारी है। एरिया-BK-II (बाघमारा) स्थित न्यू मधुबन वाशरी में 24 बल सदस्यों की सहभागिता से सफल मोबिलाइजेशन ड्रिल आयोजित की गई।

एरिया-09 (बस्ताकोला) के बेरा बस्ती क्षेत्र में स्थानीय व्यवधान के कारण प्रभावित कोयला परिवहन को मार्ग साफ कर पुनः सामान्य कराया गया। वहीं ICCC से प्राप्त सूचना पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) ने तत्काल कार्रवाई की।

एरिया-10 (NTST) एवं एरिया-PCW (पाथरडीह वाशरी) में ड्रोन निगरानी के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्र सामान्य पाए गए। हालांकि DP-06 स्थित खुले स्क्रैप क्षेत्र में बाउंड्री एवं फेंसिंग की आवश्यकता पुनः चिन्हित की गई। गोधर क्षेत्र में भू-धंसान एवं गैस रिसाव की सूचना संबंधित अधिकारियों को तत्काल उपलब्ध कराई गई, जबकि कुजामा चेक पोस्ट पर स्थानीय आंदोलन के बावजूद स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही।

बीसीसीएल एवं सीआईएसएफ ने बताया कि क्षेत्र प्रभुत्व, सघन गश्त, ड्रोन सर्विलांस, विशेष वाहन जांच, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) की तैनाती तथा आसूचना-आधारित संयुक्त अभियान नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा तथा अवैध खनन एवं कोयला चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती एवं विधिसम्मत तरीके से जारी रहेंगे।

जनहित में अपील

बीसीसीएल एवं सीआईएसएफ ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोयला क्षेत्र में अवैध खनन, कोयला चोरी, अवैध परिवहन अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीआईएसएफ यूनिट, बीसीसीएल, कोयला नगर, धनबाद के व्हाट्सएप नंबर 9341528406 पर केवल मैसेज (Message) के माध्यम से दें, ताकि गोपनीय एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

#BCCL #CISF #Dhanbad #CoalIndia #IllegalMining #CoalTheft #ZeroCoalLeakage #DroneSurveillance #JharkhandNews #CoalNews #Bastacola #Katras #Govindpur #CoalSecurity #MMDRAct #BreakingNews #HindiNews #DhanbadNews #CoalSmuggling #NationalPropertyProtection

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed