धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन मुख्यालय में सोमवार को कंपनी की परिचालन गतिविधियों, उत्पादन प्रगति, वित्तीय प्रदर्शन तथा वार्षिक कार्ययोजना की समीक्षा के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की।
बैठक में निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार तथा निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा सहित क्षेत्रीय महाप्रबंधक, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सभी क्षेत्रों के परिचालन प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा पॉवरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से की गई। समीक्षा में कोयला उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता, परिवहन क्षमता, वाशरी प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था, नई एवं आगामी पैचों की प्रगति, लागत में कमी, राजस्व संवर्धन, क्षेत्रवार वित्तीय प्रदर्शन, मानसून तैयारियाँ, वर्षा के दौरान निर्बाध उत्पादन, क्षमता उपयोग, झरिया मास्टर प्लान के क्रियान्वयन, कैपेक्स तथा उत्पादन वृद्धि से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों के साथ वार्षिक कार्ययोजना के अनुरूप लक्ष्य बनाम उपलब्धि की समीक्षा करते हुए लक्ष्यों की प्राप्ति में आने वाली चुनौतियों, उनके समाधान, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा आवश्यक सहयोगात्मक उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पिछली समीक्षा बैठक के निर्णयों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए लंबित बिंदुओं के शीघ्र अनुपालन के निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, पूर्व निर्णयों के क्रियान्वयन, वाशरियों के माध्यम से वॉश्ड कोल यील्ड को अधिकतम करने, प्रत्येक स्तर पर कोयले की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा उत्पादन एवं गुणवत्ता मानकों में सतत सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।
सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने निर्देश दिया कि सभी संविदा कार्य निर्धारित वर्क शेड्यूल के अनुसार संचालित हों और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी क्षेत्रों में संचालित हायर्ड पैचों की समीक्षा कर उनके कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उत्पादकता और लाभप्रदता बढ़ाने, घाटे में संचालित हायर्ड माइंस की समीक्षा करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी संविदा कार्यों का भुगतान कार्य प्रगति एवं निर्धारित कार्य-कार्यक्रम के अनुरूप ही किया जाए।
झरिया मास्टर प्लान के अंतर्गत पुनर्वासित परिवारों के आजीविका सशक्तिकरण पर जोर देते हुए सीएमडी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त सीआईएसएफ बल की तैनाती के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कोयला चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के कारण ई-नीलामी के माध्यम से कोयले की बिक्री में वृद्धि हुई है तथा बेहतर प्रीमियम मिलने से कंपनी के राजस्व में सकारात्मक सुधार दर्ज किया गया है।
अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि कोयला उत्पादन, डिस्पैच तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा और इस्पात क्षेत्र की मजबूती के लिए निर्बाध परिचालन गतिविधियाँ अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना, उत्तरदायित्व और समर्पण के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि मानसून से पहले ही सभी क्षेत्रों में पम्पिंग, केबलिंग, जल निकासी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर ली गई हैं। साथ ही सभी क्षेत्रीय महाप्रबंधकों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने, खदानों में जल-जमाव जैसी संभावित परिस्थितियों का प्रभावी समाधान करने तथा उत्पादन एवं परिचालन गतिविधियों को बिना किसी बाधा के जारी रखने के निर्देश दिए।
सीएमडी ने कहा कि एमएमडीआर अधिनियम में हुए व्यापक संशोधनों के बाद अवैध खनन एवं अन्य अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। उन्होंने सभी क्षेत्रों से उपलब्ध अनुकूल परिस्थितियों का अधिकतम लाभ उठाकर निर्धारित उत्पादन एवं डिस्पैच लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।
उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम एवं दक्षतापूर्ण उपयोग, परिचालन दक्षता में निरंतर सुधार तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन पर विशेष बल देते हुए कहा कि सुरक्षित, पारदर्शी और उत्तरदायी कार्य संस्कृति के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति ही कंपनी की सतत प्रगति तथा राष्ट्रीय ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति का आधार है।
बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
#BCCL #बीसीसीएल #धनबाद #CoalIndia #मनोजकुमारअग्रवाल #मुरलीकृष्णरमैया #संजयकुमारसिंह #राजेशकुमार #राजीवकुमारसिन्हा #कोयलाउत्पादन #JhariaMasterPlan #CoalNews #Mining #CoalMining #EnergySecurity #CISF #DhanbadNews #IndustrialNews #IndiaEnergy
