देवघर। श्रावणी मेले के दौरान देवघर-सुल्तानगंज कांवरिया पथ पर श्रद्धालु कांवड़ियों को निःशुल्क चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) द्वारा स्थापित ‘कांवड़िया चिकित्सा सहायता शिविर’ का शनिवार को बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने विधिवत उद्घाटन किया। यह शिविर पूरी श्रावणी मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
बीसीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत स्थापित इस शिविर का संचालन प्रदान फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। शिविर में कांवड़ियों के लिए प्राथमिक उपचार, विशेषज्ञ चिकित्सीय परामर्श, आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था, ऑक्सीजन सुविधा, दो एम्बुलेंस तथा अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके।
उद्घाटन समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री राजेश कुमार, दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया तथा श्रीमती नीता कुमार सहित प्रदान फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के औपचारिक स्वागत, गणेश पूजन एवं सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात स्थानीय कलाकारों ने शिव भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए दीक्षा महिला मंडल की ओर से कलाकार मंडली को 11 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि श्रावणी मेला आस्था, सेवा और समर्पण का महापर्व है। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है और इसी भावना के तहत श्रद्धालु कांवड़ियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस चिकित्सा सहायता शिविर की स्थापना की गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह शिविर हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने सेवा कार्य में लगे चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
उद्घाटन के बाद सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने चिकित्सा सहायता शिविर का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया तथा शिविर में आए कांवड़ियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान सीएमडी एवं सभी निदेशकगण ने श्रद्धालुओं के बीच फल वितरित किए। वहीं श्रीमती अर्चना अग्रवाल, श्रीमती पूर्बिता रमैया एवं श्रीमती नीता कुमार ने भी श्रद्धालुओं के बीच फल एवं पेयजल का वितरण किया।
देवघर प्रवास के दौरान सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल सहित सभी गणमान्य अतिथियों ने श्री बैद्यनाथधाम मंदिर में बाबा बैद्यनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया। उन्होंने माता पार्वती मंदिर सहित अन्य प्रमुख देवस्थानों में दर्शन कर सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की मंगलकामना की। इसके बाद सभी अतिथियों ने बासुकीनाथ धाम में भी पूजा-अर्चना कर बीसीसीएल परिवार, प्रदेशवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं के कल्याण की प्रार्थना की।
श्रावणी मेले के दौरान बीसीसीएल द्वारा स्थापित यह चिकित्सा सहायता शिविर कंपनी की जनसेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। बीसीसीएल ने भविष्य में भी समाजहित एवं सामुदायिक विकास के लिए ऐसे जनकल्याणकारी प्रयास निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
#BCCL #श्रावणीमेला2026 #देवघर #कांवड़ियाचिकित्सासहायताशिविर #मनोजकुमारअग्रवाल #मुरलीकृष्णरमैया #संजयकुमारसिंह #राजेशकुमार #अर्चनाअग्रवाल #पूर्बितारमैया #नीताकुमार #दीक्षामहिलामंडल #प्रदानफाउंडेशन #CSR #बैद्यनाथधाम #बासुकीनाथधाम #कांवड़यात्रा #Jharkhand #DeogharNews #BCCLNews
