• Fri. Oct 30th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

BCCL के लोदना क्षेत्र में कोयला प्रेषण बढ़ाने पर जोर, गोल-6 एवं 9 साइडिंग से रोजाना 10 रेक भेजने का लक्ष्य।

Bynoorimedia@2015

Sep 9, 2026

सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने किया निरीक्षण, रखितपुर साइडिंग की संभावनाओं का भी लिया जायजा

धनबाद। विद्युत क्षेत्र में बढ़ती कोयले की मांग के बीच भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने कोयला प्रेषण और निकासी व्यवस्था को और तेज करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज कुमार अग्रवाल ने लोदना क्षेत्र के गोल-6 एवं 9 साइडिंग का निरीक्षण कर कोयला प्रेषण की मौजूदा स्थिति और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने साइडिंग से कोयला निकासी में तेजी लाने के उपायों को लेकर अधिकारियों और कर्मियों से चर्चा की। गोल-6 एवं 9 साइडिंग से वर्तमान में प्रतिदिन करीब 7 से 8 रेक कोयले का प्रेषण किया जा रहा है। सीएमडी ने इसे तत्काल बढ़ाकर 9 रेक प्रतिदिन करने और अगले एक सप्ताह के भीतर 10 रेक प्रतिदिन का लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।

बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई पर जोर

फील्ड टीम के साथ बातचीत के दौरान मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि उच्च प्रेषण लक्ष्य हासिल करने के लिए बेहतर समन्वय, समयबद्ध कार्रवाई और साइडिंग का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग जरूरी है। उन्होंने संबंधित टीमों को आपसी तालमेल के साथ परिचालन दक्षता बढ़ाने और किसी भी संभावित बाधा का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएमडी ने साइडिंग की प्रकाश व्यवस्था और क्रशर संचालन की भी समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से रात्रिकालीन परिचालन के दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही साइडिंग और संबंधित उपकरणों को 24 घंटे परिचालन के लिए तैयार रखने का निर्देश दिया, ताकि कोयला प्रेषण में किसी तरह का अनावश्यक व्यवधान न आए।

निर्माणाधीन रखितपुर साइडिंग का भी किया निरीक्षण

गोल-6 एवं 9 साइडिंग के निरीक्षण के बाद सीएमडी ने रेलवे की निर्माणाधीन रखितपुर साइडिंग का भी दौरा किया। यहां उन्होंने साइडिंग की वर्तमान स्थिति के साथ भविष्य में कोयला निकासी के लिए इसकी संभावित उपयोगिता का आकलन किया।

मौजूदा कोयला निकासी व्यवस्था में नो-एंट्री प्रतिबंधों और बस्ताकोला साइडिंग में यातायात दबाव एवं जाम जैसी चुनौतियों को देखते हुए रखितपुर साइडिंग के संभावित इस्तेमाल पर चर्चा की गई। इसके अलावा आगामी प्रोजेक्ट ब्लॉक एफ (13 एमटीवाई) से भविष्य में होने वाले कोयला उत्पादन की निकासी में इस साइडिंग के उपयोग की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

निरीक्षण के दौरान लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा, क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी आशीष तिवारी सहित बीसीसीएल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बीसीसीएल कोयला प्रेषण और निकासी क्षमता बढ़ाने के साथ मौजूदा बुनियादी ढांचे के बेहतर उपयोग तथा भविष्य की उत्पादन जरूरतों के अनुरूप वैकल्पिक प्रेषण व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर काम कर रही है। इसका उद्देश्य विद्युत क्षेत्र को समयबद्ध और निर्बाध कोयला आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में योगदान देना है।

#BCCL #Dhanbad #LodnaArea #ManojKumarAgarwal #AnilKumarSinha #AshishTiwari #CoalDispatch #CoalIndia #Gol6Siding #Gol9Siding #RakhitpurSiding #CoalNews #DhanbadNews #JharkhandNews #विद्युतक्षेत्र #कोयलाप्रेषण #बीसीसीएल #धनबाद #लोदनाक्षेत्र #मनोजकुमारअग्रवाल #अनिलकुमारसिन्हा #आशीषतिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed