• Sat. Oct 31st, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

गजलीटांड़ खान हादसे के शहीद कोयला कर्मियों को BCCL ने दी श्रद्धांजलि, CMD मनोज कुमार अग्रवाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने किया नमन।

Bynoorimedia@2015

Sep 26, 2026

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की गजलीटांड़ कोलियरी में 26 सितंबर 1995 को हुई भीषण खान दुर्घटना की बरसी पर शनिवार को गजलीटांड़ शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने हादसे में जान गंवाने वाले कोयला कर्मियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा में निदेशक (तकनीकी/संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) राजीव कुमार सिन्हा, विभागाध्यक्ष (प्रशासन) मनीष मिश्रा, महाप्रबंधक (कतरास) बी.के. झा, अतिरिक्त महाप्रबंधक मणिकांत पांडेय और क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशासन उमंग ठक्कर सहित कतरास क्षेत्र के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने शहीद कोयला कर्मियों की स्मृति में बने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उनके साहस, त्याग और बलिदान को याद किया।

1995 में गजलीटांड़ खदान में हुआ था भीषण हादसा

26 सितंबर 1995 को लगातार मूसलाधार बारिश के कारण गजलीटांड़ कोलियरी में भीषण खान दुर्घटना हुई थी। भारी बारिश से समीपवर्ती कतरी नदी (कतरी नाला) का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। पानी तटबंधों को तोड़ते हुए पुराने खदान क्षेत्र में प्रवेश कर गया और भूमिगत छठे पिट के 10 नंबर सीम में तेजी से पानी भर गया।

उस समय खदान में करीब 80 श्रमिक कार्यरत थे। अचानक हुए जलभराव में 64 कोयला कर्मियों की मौत हो गई, जबकि 16 श्रमिक सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

बताया जाता है कि उसी दौरान आसपास की अन्य खदानों में हुई घटनाओं में भी करीब 15 श्रमिकों की जान गई थी। इस प्रकार उस अवधि की खान दुर्घटनाओं में कुल मृतकों की संख्या लगभग 79 तक पहुंच गई थी। गजलीटांड़ हादसा कोयला उद्योग के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में गिना जाता है।

सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा देता है बलिदान: मनोज कुमार अग्रवाल

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सीएमडी बीसीसीएल मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि 26 सितंबर को गजलीटांड़ कोलियरी में हुई खान दुर्घटना बीसीसीएल के खनन इतिहास की अत्यंत दुखद और त्रासदीपूर्ण घटना है।

उन्होंने कहा कि इस हादसे में कंपनी ने अपने कई वीर कोयला श्रमिकों को खो दिया था। उनका असामयिक निधन न केवल उनके परिवारों बल्कि पूरे बीसीसीएल परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

सीएमडी ने कहा कि दिवंगत कोयला कर्मियों का समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और योगदान हमेशा बीसीसीएल परिवार की स्मृतियों में जीवित रहेगा। उनका बलिदान कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा प्रत्येक कर्मचारी के जीवन और सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर सजग रहने की प्रेरणा देता है।

इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने दिवंगत कोयला कर्मियों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि उनका बलिदान बीसीसीएल परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

#गजलीटांड़ #Gazlitand #BCCL #धनबाद #Dhanbad #BCCLNews #ManojKumarAgrawal #CoalIndia #CoalMine #MineSafety #KATRAS #गजलीटांड़खानदुर्घटना #कोयलाकर्मी #शहीदकोयलाकर्मी #MiningSafety #CoalWorkers #JharkhandNews #DhanbadNews #कतरास #भारतकोकिंगकोललिमिटेड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed