• Sun. Nov 1st, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

बीसीसीएल में समन्वय बैठक। उत्पादन, डिस्पैच और वॉशरी प्रदर्शन पर मंथन। साथ ही गुणवत्ता व सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर।

Bynoorimedia@2015

Oct 3, 2026

कोयला भवन मुख्यालय में समन्वय बैठक; नए पैचों, वित्तीय प्रदर्शन, कोयला गुणवत्ता, सुरक्षा और अवैध खनन रोकने की कार्रवाई की हुई समीक्षा।

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कोयला भवन मुख्यालय में कंपनी के उत्पादन, परिचालन एवं वित्तीय प्रदर्शन की समीक्षा तथा आगामी कार्ययोजना को गति देने के उद्देश्य से समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की।

बैठक में निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा, सुरक्षा सलाहकार श्री विपुल शुक्ला, सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

बैठक में सभी क्षेत्रों की ओर से प्रस्तुत अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के आधार पर कंपनी के प्रमुख परिचालन एवं वित्तीय संकेतकों की विस्तृत समीक्षा की गई। क्षेत्रवार भौतिक प्रदर्शन, अक्टूबर माह के उत्पादन लक्ष्य, आवश्यक सहयोग, पिछली समन्वय बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन, परिवहन क्षमता, अवैध खनन एवं कोयला चोरी के विरुद्ध कार्रवाई, वित्तीय प्रदर्शन, लागत अनुकूलन और मानव संसाधन के तर्कसंगत उपयोग पर चर्चा की गई।

इसके अलावा वेटब्रिज की स्थिति, खदानों में पम्पिंग व्यवस्था, वॉशरी प्रदर्शन, कोयले की गुणवत्ता तथा नए पैचों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

वॉश्ड कोल उत्पादन और डिस्पैच बढ़ाने के निर्देश

बैठक में वॉशरी प्रदर्शन की विशेष रूप से गहन समीक्षा की गई। क्षेत्रवार रॉ कोल फीड, वॉश्ड कोल उत्पादन तथा वॉश्ड कोल डिस्पैच की मौजूदा स्थिति पर चर्चा करते हुए सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने वॉशरियों की उपलब्ध क्षमता का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वॉश्ड कोल के उत्पादन एवं डिस्पैच में निरंतर वृद्धि करने तथा प्रदर्शन की नियमित निगरानी के साथ आवश्यक सुधारात्मक कदम समयबद्ध तरीके से उठाने को कहा।

कोयले की गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं: सीएमडी

गुणवत्ता प्रदर्शन की समीक्षा के दौरान क्षेत्रवार ग्रेड कन्फर्मेशन रिपोर्ट, सैंपलिंग तथा ग्रेड स्लिपेज सहित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि कोयले की गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है। गुणवत्तापूर्ण कोयले की आपूर्ति बीसीसीएल की प्रतिबद्धता है। उन्होंने उत्पादन से लेकर डिस्पैच तक प्रत्येक स्तर पर गुणवत्ता मानकों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लागत दक्षता और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर

भौतिक एवं वित्तीय प्रदर्शन की समीक्षा के दौरान उत्पादन एवं डिस्पैच बढ़ाने के साथ लागत दक्षता, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा कंपनी की लाभप्रदता में सुधार पर भी विशेष जोर दिया गया।

क्षेत्रवार इन्वेंट्री एवं स्क्रैप की स्थिति, रविवार की तैनाती तथा उत्पादन और अन्य प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों में सुधार से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीआईएसएफ अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा

बैठक में खदानों की सुरक्षा एवं निर्बाध परिचालन से जुड़े विषयों पर सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा उपलब्ध मानव एवं तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विचार किया गया।

क्षेत्रीय महाप्रबंधकों ने भी खदानों में सुरक्षा से जुड़े मुद्दों तथा विभिन्न परिस्थितियों में निर्बाध कोयला उत्पादन एवं आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सहयोग से संबंधित विषय बैठक में रखे।

अवैध खनन और कोयला चोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज करने पर जोर

बैठक के दौरान अवैध खनन एवं कोयला चोरी के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। सीएमडी ने कोयला संरक्षण के लिए लगातार और समन्वित कार्रवाई करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा के साथ-साथ कोयला आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाए रखना भी आवश्यक है।

नए पैचों में जल्द उत्पादन शुरू करने का निर्देश

नए पैचों की स्थिति की समीक्षा के दौरान सीएमडी ने तैयार पैचों में यथाशीघ्र उत्पादन प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नए पैचों के विकास के लिए आवश्यक पर्यावरणीय स्वीकृतियों और अन्य प्रक्रियाओं में तेजी लाने को कहा गया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा उपलब्ध उत्पादन क्षमता का शीघ्र उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उत्पादन और डिस्पैच लक्ष्य हासिल करने पर फोकस

सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि कंपनी के उत्पादन एवं डिस्पैच लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी क्षेत्रों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप लगातार प्रदर्शन में सुधार करना होगा।

उन्होंने वॉशरियों के बेहतर उपयोग, गुणवत्तापूर्ण वॉश्ड कोल के उत्पादन एवं डिस्पैच में वृद्धि, परिवहन क्षमता के प्रभावी इस्तेमाल तथा परिचालन एवं लागत दक्षता में सुधार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षित कार्यप्रणाली का पूर्ण पालन करते हुए ही उत्पादन एवं परिचालन गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

सीएमडी ने सभी अधिकारियों से टीम भावना, आपसी समन्वय एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही उपलब्ध संसाधनों के दक्षतापूर्ण उपयोग, उत्पादन क्षमता के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण कोयले की आपूर्ति तथा निर्बाध परिचालन के माध्यम से कंपनी के समग्र प्रदर्शन को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

#BCCL #BharatCokingCoalLimited #CoalIndia #CoalBhawan #Dhanbad #ManojKumarAgrawal #SanjayKumarSingh #RajeshKumar #RajivKumarSinha #VipulShukla #BCCLNews #CoalProduction #CoalDispatch #WashedCoal #CoalWashery #CoalQuality #MineSafety #CISF #CoalMining #IllegalMining #CoalTheft #MiningNews #JharkhandNews #DhanbadNews #CoalIndustry #MiningIndustry #BCCLProduction #CoalIndiaNews #WasheryPerformance #MiningSafety

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed