• Fri. Jun 12th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

धनबाद के 80 सरकारी विद्यालयों में बनेंगे स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी लैब, बीसीसीएल–एडसिल के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर।

Bynoorimedia@2015

Feb 13, 2026

भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) और एडसिल इंडिया लिमिटेड (EdCIL India Limited) के बीच धनबाद के 80 सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम एवं आईसीटी लैब स्थापित करने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर आज हस्ताक्षर किए गए। यह कार्यक्रम कोयला भवन मुख्यालय में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर बीसीसीएल के सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया, विभागाध्यक्ष (सीएसआर) श्री सुरेंद्र भूषण तथा एडसिल के सीजीएम (डीईएस) डॉ. पवन कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

परियोजना का उद्देश्य धनबाद के वंचित एवं दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को आधुनिक और तकनीक-समृद्ध शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। स्मार्ट कक्षाओं और आईसीटी प्रयोगशालाओं की स्थापना से डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही छात्रों की सीखने में रुचि, उपस्थिति और शैक्षणिक परिणामों में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। यह पहल ग्रामीण और शहरी सीमांत क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा को अधिक आकर्षक, प्रभावी और सहभागितापूर्ण बनाएगी।

अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक, समावेशी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि बीसीसीएल समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार की सीएसआर पहलें आगे भी जारी रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि बीते कुछ वर्षों में बीसीसीएल ने अपनी सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक प्रयास किए हैं, जिससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सके और धनबाद के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति प्राप्त हो।

एमओयू के साथ ही परियोजना के क्रियान्वयन की औपचारिक शुरुआत हो गई है और जल्द ही धनबाद के सरकारी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा के एक नए युग की शुरुआत होने की उम्मीद है।

BCCL #EdCIL #SmartClassroom #ICTLab #DigitalEducation #CSRInitiative #Dhanbad #GovernmentSchools #EducationForAll #Jharkhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed