• Fri. Jun 12th, 2026

Noori Media and Entertainment

A High-tech house of media and Entertainment.

दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल ने धनबाद में दिव्यांग बच्चों को बांटे हियरिंग ऐड।

Bynoorimedia@2015

Feb 18, 2026

धनबाद।
दीक्षा महिला मंडल, बीसीसीएल के तत्वावधान में आज अन्नपूर्णा हॉल, कोयला नगर में धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के दिव्यांग बच्चों के बीच मैनुअल हियरिंग ऐड डिवाइस का वितरण किया गया।

इस अवसर पर दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती पूर्बिता रमैया तथा श्रीमती नीता कुमार ने संयुक्त रूप से बच्चों को श्रव्य-सहायक यंत्र सौंपे। दीक्षा महिला मंडल की अन्य सभी सम्मानित सदस्याएँ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।

अपने संबोधन में अध्यक्ष श्रीमती अर्चना अग्रवाल ने कहा कि दीक्षा महिला मंडल सदैव समाजोपयोगी एवं जनहितकारी गतिविधियों में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि श्रवण एवं वाणी संबंधी समस्याएँ व्यक्ति के जीवन को अत्यंत कष्टकर बना देती हैं, ऐसे में संस्था का उद्देश्य प्रभावित बच्चों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके जीवन को अधिक सहज, सुगम एवं सम्मानजनक बनाना है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की जनसेवी पहलों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के औपचारिक स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों को हियरिंग ऐड प्रदान किए गए। समारोह का विशेष आकर्षण दिव्यांग बच्चों द्वारा भाव-भंगिमाओं के माध्यम से प्रस्तुत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ रहा, जिसने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया। इसके अतिरिक्त बच्चों ने संथाली गीत ‘हमार छोटानागपुर’ पर भी आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसकी सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम में सीएमओ, सीएचडी डॉ. बंदना, वरीय चिकित्सा विशेषज्ञ (ईएनटी) डॉ. प्रदीप कुमार तिवारी, विभगाध्यक्ष सीएसआर एवं जनसंपर्क सुश्री निलांजना चक्रवर्ती , कोयला भवन मुख्यालय के अन्य वरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (सीएसआर) श्री अभिजीत मित्रा ने किया, जबकि मंच संचालन उप-प्रबंधक (सीएसआर) श्री शमरेज अली ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed