राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और उसके प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) द्वारा आज कोयला भवन, मुख्यालय में कॉर्पोरेट स्तरीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने की।
बैठक में महाप्रबंधक (मानव संसाधन/राजभाषा) कुमार मनोज, महाप्रबंधक (प्रशासन) अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (विधि) कुमार शरद सिन्हा, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) शोभा जे. कुजूर सहित मुख्यालय के सभी विभागों के महाप्रबंधक/विभागाध्यक्ष, सभी क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन), नोडल राजभाषा अधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

एजेंडे के अनुसार बैठक की शुरुआत पिछली बैठक के कार्यवृत्त के अनुमोदन से हुई। इसके पश्चात राजभाषा विभाग के प्रबंधक उदयवीर सिंह ने पिछली तिमाही में लिए गए निर्णयों पर अनुवर्ती कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) प्रस्तुत की। बैठक में अक्टूबर–दिसंबर 2025 तिमाही की हिंदी प्रगति रिपोर्टों की समीक्षा की गई और क्षेत्रों में आयोजित तिमाही हिंदी कार्यशालाओं एवं समीक्षा बैठकों के कैलेंडर के अनुपालन पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान राजभाषा नियम, 1976 के नियम 8(4) के अंतर्गत हिंदी में प्रवीणता प्राप्त कार्मिकों के लिए व्यक्तिशः आदेश जारी करने, राजभाषा विभाग/प्रकोष्ठ के सुदृढ़ीकरण, हिंदी संवर्ग के पदों एवं कर्मचारियों की तैनाती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिए गए। इसके साथ ही राजभाषा कार्यान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जांच-बिंदुओं (चेकपॉइंट्स) के निर्धारण एवं अनुपालन पर भी सहमति बनी। ‘कोयला गुनगुनाता है – 2.0’ के प्रस्तावित प्रकाशन पर भी विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के दौरान राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को ‘चल वैजयंती शील्ड’ से सम्मानित किया गया। मुख्यालय स्तर पर कर्मचारी स्थापना विभाग और क्षेत्रीय स्तर पर लोदना क्षेत्र को यह सम्मान प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि राजभाषा हिंदी का संवर्धन और विस्तार हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने मुख्यालय और क्षेत्रों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हिंदी को दैनिक प्रशासनिक और व्यावसायिक गतिविधियों का स्वाभाविक हिस्सा बनाना आवश्यक है।

कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक (मानव संसाधन) के स्वागत एवं महाप्रबंधक (मानव संसाधन/राजभाषा) श्री कुमार मनोज के औपचारिक स्वागत वक्तव्य से हुई। समापन सत्र में विभिन्न विभागों और क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने आगामी तिमाही की राजभाषा गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (राजभाषा) श्री उदयवीर सिंह ने किया।
#BCCL #RajbhashaHindi #CoalBhavan #Dhanbad #HindiImplementation #OfficialLanguage #CorporateMeeting #RajbhashaSamiti #ChalVaijayantiShield #PublicSector
