ऑल इंडिया डिप्लोमा इंजीनियर्स एंड ऑफिसियल एसोसिएशन (AIDEOA) के प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी हित से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दों पर चर्चा के लिए बीसीसीएल प्रबंधन से महत्वपूर्ण बैठक की। संगठन ने पहले बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) को पत्र देकर बैठक का अनुरोध किया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार CMD के साथ बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन आकस्मिक कारणों से उनके धनबाद से बाहर रहने के कारण यह बैठक उनके साथ नहीं हो सकी।
इसके बाद बीसीसीएल के निदेशक (तकनीकी) संजय कुमार सिंह ने AIDEOA प्रतिनिधिमंडल के साथ विस्तृत वार्ता की। इस दौरान कंपनी के उत्पादन में वृद्धि, खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा कोयले की गुणवत्ता में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान निदेशक (तकनीकी) संजय कुमार सिंह ने कहा कि कंपनी के उत्पादन और गुणवत्ता सुधार को लेकर क्षेत्रीय स्तर पर माइनिंग सुपरवाइजरी स्टाफ के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में संबंधित क्षेत्रों के AIDEOA पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि जमीनी अनुभवों और तकनीकी सुझावों के आधार पर कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार किया जा सके।
AIDEOA के महामंत्री कुश कुमार सिंह ने संगठन की ओर से प्रबंधन को आश्वस्त किया कि AIDEOA हमेशा कंपनी के हित में कार्य करता रहा है और भविष्य में भी हर परिस्थिति में कंपनी के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा निर्धारित उत्पादन और डिस्पैच लक्ष्य को हासिल करने के लिए संगठन के सभी सदस्य पूर्ण सहयोग देंगे और हर संभव प्रयास करेंगे।
इस महत्वपूर्ण बैठक में AIDEOA के प्रतिनिधियों में विजय यादव, वाई.के. सिंह, रवि ओंकार, अरुण दुबे, उमाकांत राय, शिव शंकर महतो, राकेश प्रसाद सिंहा, अमित झा, अमित नारायण, अमित कुमार सिंह, बीगू साव, बालेश्वर पंडित, रंजय सिंह, गोपाल गोराई और धनंजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान संगठन और प्रबंधन के बीच सकारात्मक और रचनात्मक माहौल में विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने कंपनी के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की। AIDEOA ने विश्वास जताया कि प्रबंधन और तकनीकी कर्मियों के संयुक्त प्रयास से बीसीसीएल में उत्पादन, सुरक्षा और गुणवत्ता के क्षेत्र में और बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकेंगे।
#AIDEOA #BCCL #DhanbadNews #CoalIndustry #MiningSafety #CoalProduction #CoalQuality #JharkhandNews #MiningSector #IndustrialNews #DhanbadCoal #IndiaMining
